
हनुमानगढ़। जिला कलेक्टर डॉ. खुशाल यादव ने मंगलवार को श्रम विभाग हनुमानगढ़ कार्यालय का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने विभागीय योजनाओं की प्रगति, लंबित प्रकरणों की स्थिति तथा उपकर संग्रहण लक्ष्यों की समीक्षा की। जिला कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी लंबित मामलों का त्वरित निस्तारण सुनिश्चित किया जाए तथा योजनाओं का लाभ पात्र श्रमिकों तक समयबद्ध रूप से पहुंचे। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने जिले में उपकर संग्रहण की प्रगति पर भी नाराजगी जताई और निर्धारित लक्ष्यों की प्राप्ति के लिए प्रभावी कार्ययोजना बनाकर कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि श्रम विभाग की योजनाएं श्रमिकों के सामाजिक और आर्थिक सशक्तिकरण से जुड़ी हैं, ऐसे में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इसके पश्चात जिला कलेक्टर ने मिशन बुनियाद के सफल क्रियान्वयन को लेकर ईंट भट्टा संचालक संघ के प्रतिनिधियों के साथ चर्चा की। बैठक में बंधक श्रमिकों से जुड़े मामलों पर विशेष रूप से चर्चा हुई। ईंट भट्टा एसोसिएशन के जिला अध्यक्ष सुरेन्द्र तिवाड़ी ने अवगत कराया कि जिले में कुछ गिरोह सक्रिय हैं, जो राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग एवं अनुसूचित जाति एवं जनजाति आयोग की फर्जी मोहर लगाकर बंधक श्रमिकों से संबंधित झूठी शिकायतें दर्ज करवा रहे हैं, जिससे ईंट भट्टा संचालकों का शोषण हो रहा है।

इस पर जिला कलेक्टर ने कड़ा रुख अपनाते हुए स्पष्ट निर्देश दिए कि यदि किसी भी प्रकार की फर्जी या झूठी शिकायत सामने आती है, तो संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ तत्काल एफआईआर दर्ज कर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि वास्तविक पीड़ितों को न्याय दिलाना प्रशासन की प्राथमिकता है, लेकिन झूठे मामलों के जरिए दबाव बनाने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। इस मौके पर श्रम कल्याण अधिकारी देवेंद्र मोदी मौजूद रहे।
