हनुमानगढ़। नवां बाइपास स्थित मेडिकल कॉलेज के पास नवनिर्मित सब्जी मण्डी को व्यापारियों को आवंटित करने की मांग को लेकर फल-सब्जी मण्डी आढ़तिया यूनियन के बैनर तले व्यापारियों ने गुरुवार को जिला कलक्टर को ज्ञापन सौंपा। व्यापारियों ने नई मण्डी का शीघ्र आवंटन कर भूखण्ड देने की मांग उठाई। यूनियन प्रधान केशव नानकानी, रतीराम शाक्य व ओमप्रकाश ने बताया कि नवां बाइपास पर करोड़ों रुपए की लागत से निर्मित सब्जी मण्डी को पारित हुए करीब 11-12 वर्ष हो चुके हैं तथा लगभग 6 वर्ष पूर्व यह पूरी तरह तैयार भी हो चुकी है। मण्डी में चारदीवारी, पक्की सड़कें, बैंक भवन, किसान भवन, कैंटीन एवं शौचालय सहित सभी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध हैं, लेकिन अब तक व्यापारियों को भूखण्ड आवंटित नहीं किए गए हैं। व्यापारियों ने कहा कि लंबे समय से खाली पड़े भवन अब खण्डहर बनने लगे हैं। चारदीवारी दो बार टूट चुकी है और निर्माण का गारंटी काल भी समाप्त हो चुका है। यदि शीघ्र आवंटन नहीं किया गया तो मरम्मत व पुनर्निर्माण पर भारी खर्च आएगा, जिसका बोझ अंतत: व्यापारियों पर पड़ेगा। ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया कि खाली पड़ी मण्डी असामाजिक तत्वों का अड्डा बनती जा रही है। यहां से एल्यूमिनियम गेट, बिजली फिटिंग का सामान, नल व टूंटियां चोरी होने की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। व्यापारियों ने बताया कि वर्तमान सब्जी मण्डी शहर के बीच स्थित होने के कारण अब अत्यंत छोटी पड़ गई है। सुबह के समय भारी भीड़ के कारण मण्डी में पैदल चलना भी मुश्किल हो जाता है। इससे व्यापारियों व किसानों को परेशानी का सामना करना पड़ता है तथा कई बार मुख्य सड़क पर यातायात जाम की स्थिति भी बन जाती है। यूनियन पदाधिकारियों ने जिला कलक्टर से व्यक्तिगत रुचि लेते हुए नई सब्जी मण्डी में शीघ्र भूखण्ड आवंटन की प्रक्रिया शुरू करवाने की मांग की, ताकि व्यापारी अपने भवन बनाकर व्यवस्थित रूप से व्यापार कर सकें।
