हनुमानगढ़। सिंचाई पानी की किल्लत से जूझ रहे टेल क्षेत्र के किसानों ने गुरुवार को जिला प्रशासन का दरवाजा खटखटाया। हनुमानगढ़ तहसील के टेल के किसानों ने जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष मनीष मक्कासर के नेतृत्व में जिला कलक्टर को ज्ञापन सौंपकर मोघों का सही लेवल में निर्माण करवाने की मांग की। किसानों ने बताया कि उनके चकों में 2 एसएसडब्ल्यू से 20 एसएसडब्ल्यू तक पक्की नहर का निर्माण किया जा चुका है, लेकिन मोघे पुराने बने हुए हैं और वर्तमान स्तर से काफी नीचे हैं। इस कारण टेल क्षेत्र तक पानी नहीं पहुंच पा रहा है। परिणामस्वरूप किसानों के खेतों में समय पर सिंचाई नहीं हो पाती और वे अपनी निर्धारित पानी की बारी से वंचित रह जाते हैं। किसानों का कहना है कि उन्होंने इस समस्या को कई बार सिंचाई विभाग के अधिकारियों के समक्ष रखा, लेकिन हर बार यह कहकर टाल दिया गया कि मोघों का लेवल सुधारने के लिए जिला कलक्टर की स्वीकृति आवश्यक है। इससे टेल क्षेत्र के किसानों में रोष व्याप्त है। ज्ञापन में किसानों ने मांग की कि टेल क्षेत्र की भूमि में बने मोघों का सही लेवल पर पुनर्निर्माण कराने के लिए सिंचाई विभाग को आवश्यक निर्देश जारी किए जाएं, ताकि उन्हें समय पर पानी मिल सके और उनकी फसलें सुरक्षित रह सकें। इस दौरान जल उपयोक्ता संगम अध्यक्ष इकबाल सिंह, रणवीर, विनोद कुमार, जसविन्द्र सिंह, गुरतेज सिंह, सिमरनदीप, गोपीराम, कृष्ण, रणजीत, जयराम, धर्मचन्द सहित कई अन्य किसान मौजूद रहे।
