हनुमानगढ़। शेरगढ़, दौलतपुरा, बशीर, कुलचन्द्र, सहारणी, बचैर सहित आसपास के गांवों के ग्रामीणों ने सोमवार को जिला मुख्यालय से गांवों को जोड़ने वाली परिवहन व्यवस्था सुचारू करवाने की मांग को लेकर जिला कलक्टर को ज्ञापन सौंपा। ग्रामीणों ने बताया कि इन गांवों को जिला मुख्यालय हनुमानगढ़ से जोड़ने वाले मार्ग पर एक निजी बस सेवा संचालित होती थी, जो पिछले सात-आठ दिनों से बंद है। बस सेवा बंद होने के कारण इन गांवों के विद्यार्थियों, कर्मचारियों, मजदूरों, किसानों सहित रोजमर्रा के काम से हनुमानगढ़ आने वाले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों के अनुसार इन गांवों से सैकड़ों लोग रोजगार, निजी कार्यांे, प्रतिष्ठानों तथा विभिन्न कोचिंग सेंटरों और विद्यालय-महाविद्यालयों में अध्ययन के लिए प्रतिदिन हनुमानगढ़ आते हैं। निजी बस सेवा के बंद होने के बाद इन गांवों को जिला मुख्यालय से जोड़ने के लिए परिवहन का अन्य पर्याप्त साधन उपलब्ध नहीं है। ग्रामीणों ने जिला कलक्टर से हनुमानगढ़ से हरियाणा सीमा तक के इस मार्ग पर हनुमानगढ़ से बचैर तक रोडवेज बस सेवा शुरू करवाने तथा पूर्व में संचालित निजी बस सेवा को भी सुचारू करवाने की मांग की। उन्होंने कहा कि बस सेवा बहाल होने से क्षेत्र के ग्रामीणों, विद्यार्थियों, कर्मचारियों और मजदूरों को आवागमन में राहत मिलेगी। इस मौके पर पालाराम, सुलेन्द्र सिंह, रामसिंह, राकेश कुमार, साहबराम, सोनू, विनोद, अनिल, सुखदेव सिंह, संदीप, भीम, जसविन्द्र सहित कई ग्रामीण मौजूद रहे।
