– जिला प्रभारी डॉ. विवेक माचरा बोले-शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल और बदहाल सड़कों के मुद्दे पर मैदान में उतरेगी पार्टी
हनुमानगढ़। राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (रालोपा) ने आगामी निकाय चुनाव को लेकर नोहर नगर पालिका क्षेत्र में तैयारियां तेज कर दी हैं। पार्टी ने नोहर के सभी 40 वार्डों में प्रत्याशी उतारने का निर्णय लिया है। प्रत्याशियों के चयन के लिए पार्टी की ओर से प्रभारियों की नियुक्ति के साथ 15 सदस्यीय निगरानी समिति का गठन किया गया है। शुक्रवार को नोहर में आयोजित पार्टी की बैठक में रालोपा के जिला प्रभारी डॉ. विवेक माचरा ने कहा कि पार्टी सुप्रीमो हनुमान बेनीवाल के निर्देशानुसार नगर पालिका के प्रत्येक वार्ड से चुनाव लड़ने की तैयारी की जा रही है। उन्होंने बताया कि प्रत्याशियों के चयन के लिए दो प्रभारियों की नियुक्ति की गई है, जबकि 15 सदस्यीय निगरानी समिति सभी 40 वार्डों में संभावित प्रत्याशियों के चयन की प्रक्रिया पर नजर रखेगी।
शिक्षा, स्वास्थ्य और पेयजल होंगे प्रमुख मुद्दे
डॉ. माचरा ने कहा कि रालोपा निकाय चुनाव में शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल, बदहाल सड़कों सहित शहर से जुड़े अन्य मूलभूत मुद्दों को प्रमुखता से उठाएगी। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस और भाजपा के कथित गठजोड़ के कारण नगर पालिका क्षेत्र के नागरिक अपने मूल अधिकारों से वंचित हैं। उन्होंने कहा कि शहरी क्षेत्र के युवाओं को शिक्षा एवं रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने की जरूरत है। डॉ. माचरा ने प्रदेश में भर्ती परीक्षाओं में पेपर लीक के मुद्दे को उठाते हुए आरोप लगाया कि पेपर माफिया और सत्ताधारी दलों के बीच सांठगांठ के कारण युवाओं को नुकसान उठाना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि रालोपा सुप्रीमो हनुमान बेनीवाल ने राजस्थान लोक सेवा आयोग के पुनर्गठन सहित युवाओं से जुड़े मुद्दों को मजबूती से उठाया है।
सैकड़ों युवाओं के रालोपा में शामिल होने का दावा
जिला प्रभारी ने दावा किया कि पार्टी के मुद्दों और हनुमान बेनीवाल की सक्रियता से प्रभावित होकर नोहर नगर पालिका क्षेत्र में सैकड़ों युवाओं ने रालोपा की सदस्यता ग्रहण की है। उन्होंने कहा कि युवाओं के जुड़ने से निकाय चुनाव की तैयारियों को मजबूती मिली है। उन्होंने कहा कि रालोपा केवल नोहर ही नहीं, बल्कि हनुमानगढ़ जिले के प्रत्येक निकाय क्षेत्र में चुनाव लड़ेगी। उन्होंने कांग्रेस और भाजपा पर चुनाव के समय खोखली भाषणबाजी करने का आरोप लगाते हुए कहा कि चुनाव के बाद शहर की समस्याओं पर पर्याप्त ध्यान नहीं दिया जाता। इसके विपरीत रालोपा सुप्रीमो लगातार विभिन्न क्षेत्रों का दौरा कर स्थानीय समस्याओं को उचित मंच पर मजबूती से उठाते हैं।
