– अधिकारियों की लापरवाही पर उठाए सवाल, दूषित पानी से 30 से अधिक गांव प्रभावित होने की आशंका, मुख्यमंत्री कार्यालय तक उठाया गया मामला
हनुमानगढ़। नोहर विधायक अमित चाचाण ने हरियाणा में नोहर फिडर नहर में ड्रेनेज का पानी डालने के लिए बिना अनुमति बनाई जा रही लिफ्ट योजना का विरोध करते हुए कहा कि इस मुद्दे को सबसे पहले उन्होंने ही उठाया था। उन्होंने आरोप लगाया कि स्थानीय अधिकारियों की लापरवाही के कारण आज भी निर्माण कार्य जारी है, जबकि समय रहते कार्रवाई होती तो इसे रोका जा सकता था। विधायक चाचाण ने कहा कि उन्होंने पंचायत समिति की साधारण सभा में भी यह मुद्दा उठाया था तथा बाद में मुख्यमंत्री कार्यालय को पत्र लिखकर मामले से अवगत कराया। इसके बाद मुख्य अभियंता हरियाणा जाकर मौके का निरीक्षण कर चुके हैं और अब पत्राचार की प्रक्रिया की बात कही जा रही है। उन्होंने कहा कि यदि संबंधित अधिकारी शुरुआत में ही सक्रियता दिखाते और हरियाणा जाकर निर्माण कार्य रुकवाते, तो आज यह स्थिति उत्पन्न नहीं होती। उन्होंने कहा कि क्षेत्र पहले से ही इंदिरा गांधी नहर के माध्यम से आने वाले दूषित पानी की समस्या से जूझ रहा है, जिससे कैंसर सहित कई गंभीर बीमारियों के मामले बढ़ रहे हैं। ऐसे में यदि नोहर फिडर के माध्यम से ड्रेनेज अथवा सेम का दूषित पानी छोड़ा गया तो नोहर क्षेत्र के 30 से अधिक गांव प्रभावित हो सकते हैं और भविष्य में गंभीर स्वास्थ्य संकट पैदा होने की आशंका है। विधायक ने कहा कि किसानों और आम नागरिकों में इस परियोजना को लेकर गहरी चिंता है तथा लगातार मांग की जा रही है कि इस कार्य को तत्काल बंद करवाया जाए। उन्होंने इसे दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा कि राजस्थान सरकार की अनुमति और जानकारी के बिना हरियाणा में नोहर फिडर के साथ इतनी बड़ी लिफ्ट परियोजना पर कार्य किया जाना गंभीर विषय है। चाचाण ने राज्य सरकार और संबंधित विभागों से इस मामले में ठोस हस्तक्षेप कर क्षेत्र के किसानों एवं आमजन के हितों की रक्षा करने की मांग की है।
