नोहर। नोहर फीडर व अमरसिंह ब्रांच में पर्याप्त सिंचाई पानी की मांग को लेकर किसानों का उपखंड कार्यालय के सामने धरना दूसरे दिन भी जारी रहा। बीती रात किसानों ने ट्रैक्टर-ट्रॉलियों के साथ सड़क पर ही बिताई और बुधवार सुबह से फिर उपखंड कार्यालय के आगे पड़ाव डालकर बैठ गए। गुरुद्वारा कमेटी की ओर से धरनास्थल पर किसानों के लिए चाय व भोजन की व्यवस्था की गई। किसानों और प्रशासन के बीच दिनभर पांच दौर की वार्ता हुई, लेकिन सभी वार्ताएं बेनतीजा रहीं।

इसके बाद किसानों ने आंदोलन तेज करने की चेतावनी दी। किसान नेता मंगेज चौधरी ने कहा कि नोहर फीडर और अमरसिंह ब्रांच के किसानों को पूरा सिंचाई पानी नहीं मिलने से फसलें प्रभावित हो रही हैं। उनका आरोप है कि पानी उपलब्ध होने के बावजूद किसानों को उनका हक नहीं दिया जा रहा, जिससे मजबूर होकर उन्हें सड़क पर आंदोलन करना पड़ रहा है। मंगेज चौधरी ने चेतावनी देते हुए कहा कि किसान इस बार बिना पानी लिए वापस घर नहीं लौटेंगे।

उन्होंने कहा कि किसानों के सब्र का बांध टूट चुका है और यदि मांग पूरी नहीं हुई तो गुरुवार को आर-पार की लड़ाई होगी। किसान सड़क और रेल मार्ग जाम कर प्रशासनिक व्यवस्था ठप करने का प्रयास करेंगे। किसान प्रतिनिधि राजेंद्र चाचाण ने कहा कि किसानों की मांग पूरी तरह जायज है। किसान खैरात नहीं, बल्कि अपने हक का सिंचाई पानी मांगने आए हैं और सरकार को शीघ्र समाधान करना चाहिए।

धरने में सरपंच कपिल राज, जिंदरपाल, लालचंद सारसर, सरपंच प्रतिनिधि विकास सहारण, नहरी अध्यक्ष जयप्रकाश पुनिया, राजपाल, गुरुदीप सरदार, बलवीर सुथार, निहाल सिंह, हरदत्त दहिया, बेगराज खोथ, सरजीत बेनीवाल, राजेश डूडी सहित बड़ी संख्या में किसान प्रतिनिधि मौजूद रहे।
