हनुमानगढ़। जिले के नोहर क्षेत्र में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) की टीम ने कार्रवाई करते हुए एक पटवारी को 12 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई एसीबी की अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुधा पालावत के नेतृत्व में की गई।

एएसपी सुधा पालावत ने बताया कि गिरफ्तार पटवारी की पहचान प्रदीप कुमार के रूप में हुई है, जो जबरासर हल्के में पदस्थापित है। एक किसान ने एसीबी को शिकायत दी थी कि पटवारी इंतकाल दर्ज करने के एवज में उससे 15 हजार रुपये की रिश्वत मांग रहा है।

शिकायत मिलने के बाद एसीबी टीम ने पहले मामले का सत्यापन किया। शिकायत सही पाए जाने पर ट्रैप की कार्रवाई की गई। इसी दौरान पटवारी प्रदीप कुमार ने किसान से 12 हजार रुपये की रिश्वत ली, तभी एसीबी टीम ने उसे रंगे हाथों पकड़ लिया।

एसीबी ने आरोपी पटवारी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है और आगे की जांच शुरू कर दी है।

