ऐलनाबाद। हरियाणा राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण पंचकूला के निर्देशानुसार 9 मई को जिला सिरसा के न्यायालय परिसर सिरसा, उपमंडल न्यायालय परिसर डबवाली तथा ऐलनाबाद में राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया जाएगा। लोक अदालत में पक्षकार स्वयं या अपने अधिवक्ता के माध्यम से अपने मामलों के निपटारे के लिए आवेदन कर सकते हैं। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव एवं मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी प्रवेश सिंगला ने बताया कि हरियाणा राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण पंचकूला के निर्देशानुसार समय-समय पर लोक अदालतों का आयोजन किया जाता है, ताकि लोगों को सस्ता, सुलभ और त्वरित न्याय उपलब्ध कराया जा सके। उन्होंने बताया कि लोक अदालत की प्रक्रिया सरल और संक्षिप्त होती है, जिसमें दोनों पक्षों की आपसी सहमति से मामलों का निपटारा किया जाता है। इस लोक अदालत में न्यायालयों में लंबित विभिन्न प्रकार के मामलों का समाधान किया जा सकता है। इसके साथ ही उन्होंने नालसा हेल्पलाइन टोल-फ्री नंबर 15100 के बारे में भी जानकारी दी और कहा कि इस नंबर पर संपर्क कर आमजन कानूनी सलाह प्राप्त कर सकते हैं।
संवाददाता- रमेश भार्गव
