ऐलनाबाद। वर्ल्ड हेल्थ डे के अवसर पर नागरिक अस्पताल ऐलनाबाद तथा जिला जेल में आर्टिकल 21 (राइट टू लाइफ) के अंतर्गत स्वास्थ्य संबंधी अधिकारों को लेकर लीगल अवेयरनेस कैंप का आयोजन किया गया। इस दौरान लोगों को स्वास्थ्य से जुड़े कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूक किया गया। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव एवं मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी प्रवेश सिंगला ने बताया कि इस कैंप में डिप्टी एलएडीसी कंवरजीत सिंह गिल ने नागरिक अस्पताल में तथा डिप्टी एलएडीसी वंदना मोंगा ने जिला जेल में उपस्थित लोगों को स्वास्थ्य अधिकारों और कानूनी सहायता के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 7 अप्रैल को वर्ल्ड हेल्थ डे, वर्ल्ड हेल्थ ऑर्गेनाइजेशन की स्थापना दिवस के रूप में मनाया जाता है। इसका उद्देश्य वैश्विक स्तर पर स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए जागरूकता बढ़ाना और लोगों को स्वास्थ्य के प्रति सजग करना है। इस अवसर पर सरकारी और निजी स्कूलों में भी विद्यार्थियों के बीच स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया गया।
संवाददाता- रमेश भार्गव
