नोहर। नगरपालिका के पूर्व चेयरमैन श्रीराम व्यास ने राजस्थान राज्य पथ परिवहन निगम, हनुमानगढ़ डिपो के मुख्य प्रबंधक को पत्र लिखकर क्षेत्र के कई महत्वपूर्ण मार्गों पर रोडवेज बसों के नियमित संचालन की मांग की है। उन्होंने कहा कि इन मार्गों पर बस सेवा नहीं होने या बहुत कम होने से आमजन को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है और दैनिक आवागमन प्रभावित हो रहा है। अपने पत्र में व्यास ने नोहर से अजमेर (वाया मंदरपुरा, खुईया, धानसिया, सरदारशहर), नोहर से सालासर (वाया साहवा, तारानगर, चूरू), नोहर से खाटूश्याम जी (वाया साहवा, तारानगर, चूरू), हनुमानगढ़ से जयपुर (वाया नोहर, साहवा, तारानगर, चूरू), भादरा से देशनोक (वाया नोहर, रावतसर, पल्लू, अर्जुनसर, बीकानेर) तथा नोहर से जोधपुर मार्ग पर शीघ्र बस सेवा शुरू करने की मांग रखी है। व्यास ने बताया कि इन मार्गों पर बसों का संचालन बहुत कम या नहीं होने के कारण क्षेत्र के लोगों, विद्यार्थियों, मरीजों और व्यापारियों को गंभीर परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। लोगों को मजबूरी में निजी वाहनों का सहारा लेना पड़ रहा है, जिससे यात्रियों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ भी बढ़ रहा है। उन्होंने अपने पत्र में यह भी उल्लेख किया कि ये सभी मार्ग धार्मिक, शैक्षणिक और व्यापारिक दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण हैं। सालासर, खाटूश्याम जी और देशनोक जैसे प्रमुख धार्मिक स्थलों तक पहुंचना कठिन हो गया है, वहीं विद्यार्थियों को उच्च शिक्षण संस्थानों तक जाने में भी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। व्यास ने जनहित को ध्यान में रखते हुए इन मार्गों पर शीघ्र बस सेवा शुरू करने की मांग की है, ताकि क्षेत्रवासियों को आवागमन में राहत मिल सके।

संवाददाता- संतोष कंकर
