हनुमानगढ़। जिले में रबी 2026-27 के तहत समर्थन मूल्य पर दलहन एवं तिलहन की खरीद के लिए स्वीकृत 25 केंद्रों पर खरीद कार्य प्रारंभ किया है, लेकिन वर्तमान में व्यवस्थापकों की राज्यव्यापी हड़ताल के कारण ग्राम सेवा सहकारी समितियों के इन केंद्रों पर सरसों व चना खरीद प्रभावित हुई है।
किसानों को राहत: 22 अप्रैल तक बढ़ाई गई अवधि
उप रजिस्ट्रार सहकारी समितियां अमीलाल सहारण ने बताया कि राज्य स्तर पर व्यवस्थापक यूनियन से लगातार वार्ता की जा रही है। इसी क्रम में 9 अप्रैल, 2026 को राजफैड जयपुर के प्रबंध निदेशक द्वारा वीसी के माध्यम से निर्देश दिए गए कि जिन किसानों की खरीद हड़ताल के कारण प्रभावित हुई है, उन्हें 15 दिन की अतिरिक्त अवधि दी जाए। इसके तहत अब ऐसे किसानों की खरीद अवधि बढ़ाकर 22 अप्रैल, 2026 तक कर दी गई है। राज्य सरकार ने किसान हित को सर्वोपरि रखते हुए यह निर्णय लिया है, ताकि किसी भी किसान को नुकसान न उठाना पड़े। जिला स्तर पर भी व्यवस्थापक संघ के पदाधिकारियों से लगातार संवाद किया जा रहा है, जिससे जल्द ही खरीद व्यवस्था को पुनः सुचारू किया जा सके। उन्होंने किसानों एवं किसान संगठनों से अपील की है कि वे इस दौरान सहयोग बनाए रखें।
