बराड़ा। उपमंडल अधिकारी बराड़ा सतीन्द्र सिवाच ने शुक्रवार को अपने कार्यालय में क्षेत्र के गैस एजेंसी संचालकों की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित कर उपभोक्ताओं को समय पर गैस आपूर्ति सुनिश्चित करने, सुरक्षा मानकों का पालन करने और गैस की बचत को बढ़ावा देने के निर्देश दिए। बैठक को संबोधित करते हुए एसडीएम सतीन्द्र सिवाच ने कहा कि गैस जैसी आवश्यक सेवा में किसी भी प्रकार की लापरवाही कतई सहन नहीं की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि उपभोक्ताओं को निर्धारित समय पर गैस सिलेंडर उपलब्ध कराना एजेंसियों की प्राथमिक जिम्मेदारी है और इसमें किसी भी प्रकार की देरी या अनियमितता पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने एजेंसी संचालकों को चेतावनी देते हुए कहा कि गैस की कालाबाजारी या ब्लैक मार्केटिंग किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यदि किसी एजेंसी के खिलाफ ऐसी शिकायत सामने आती है तो नियमानुसार कठोर कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। साथ ही अधिकारियों को नियमित निरीक्षण कर वितरण प्रणाली को पारदर्शी व सुचारु बनाए रखने के निर्देश भी दिए गए। एसडीएम ने स्पष्ट किया कि वर्तमान में गैस का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है और किसी भी प्रकार की कमी नहीं है। उन्होंने आमजन से अपील की कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और न ही उन्हें फैलाएं, क्योंकि गैस आपूर्ति नियमित रूप से जारी रहेगी। बैठक में गैस के सुरक्षित उपयोग और बचत को लेकर भी विशेष जोर दिया गया। एसडीएम ने एजेंसियों से कहा कि वे उपभोक्ताओं को गैस उपयोग के दौरान सुरक्षा उपायों, लीकेज से बचाव और अन्य सावधानियों के प्रति जागरूक करें। इसके लिए समय-समय पर जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश भी दिए गए। उन्होंने यह भी सुनिश्चित करने को कहा कि किसी भी क्षेत्र में गैस की कृत्रिम कमी न होने दी जाए और सभी उपभोक्ताओं को उनकी आवश्यकता के अनुसार समय पर सिलेंडर उपलब्ध कराया जाए, ताकि शिकायतों की गुंजाइश न रहे। अंत में एसडीएम ने सभी एजेंसी संचालकों से प्रशासन के साथ समन्वय बनाकर ईमानदारी से अपने दायित्वों का निर्वहन करने और क्षेत्र में बेहतर सेवा प्रदान करने की अपेक्षा जताई। बैठक में एएफएसओ बराड़ा राजेन्द्र कुमार, खंड शिक्षा अधिकारी जगदीश मेहरा, सविता भारत गैस मुलाना के प्रयाग अग्रवाल, मनजीत सिंह गैस सर्विस के बलकार सिंह, डॉट भारत गैस के ओंकार शर्मा सहित अन्य एजेंसी संचालक व प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
संवाददाता- देवेन्द्र राय
