– बसपा जिलाध्यक्ष बोले-कई पंचायत समितियों में हमारे बिना नहीं बनेगा प्रधान, माकपा भी मैदान में, जंक्शन के चार वार्डों सहित कई सीटों पर लड़ेगी चुनाव
हनुमानगढ़। पंचायतीराज संस्थाओं के आम चुनाव-2026 को लेकर जिले में राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। जिला परिषद के 37 निर्वाचन क्षेत्रों और तीसरे चरण में छह पंचायत समितियों के 130 सदस्य पदों के लिए नामांकन प्रक्रिया जारी है। इस बीच बहुजन समाज पार्टी (बसपा) और भारत की कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) यानी माकपा ने भी चुनावी तैयारियां तेज कर दी हैं। बसपा ने अधिकाधिक सीटों पर प्रत्याशी उतारने की तैयारी की है, वहीं माकपा भी जिला परिषद और पंचायत समितियों के चुनिंदा वार्डों में चुनाव लड़ रही है।
23 अक्टूबर तक होंगे नामांकन
जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्य पदों के लिए नामांकन 23 अक्टूबर को अपराह्न 3 बजे तक प्रस्तुत किए जा सकेंगे। नामांकन पत्रों की संवीक्षा 24 अक्टूबर को होगी, जबकि अभ्यर्थी 26 अक्टूबर को अपराह्न 3 बजे तक नाम वापस ले सकेंगे। इसके बाद चुनाव चिह्न आवंटित किए जाएंगे। तीसरे चरण में हनुमानगढ़ जंक्शन, पीलीबंगा, नोहर, पल्लू, भादरा और राजपुरा (8 बीएचडी) पंचायत समितियों के सदस्य पदों के लिए 3 नवंबर को सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक मतदान होगा।

ग्राम पंचायतों में सरपंच और पंच पदों के लिए नामांकन 4 नवंबर को सुबह 8 से 11 बजे तक होंगे। इसी दिन संवीक्षा और नाम वापसी की प्रक्रिया पूरी कर चुनाव चिह्न आवंटित किए जाएंगे। इन पदों के लिए 5 नवंबर को मतदान होगा। मतगणना मतदान समाप्त होने के तुरंत बाद संबंधित ग्राम पंचायत मुख्यालय पर होगी, जबकि उपसरपंच का चुनाव 6 नवंबर को होगा।
बसपा का दावा-प्रधान और जिला प्रमुख बनाने में निभाएंगे अहम भूमिका
बसपा जिलाध्यक्ष महावीर सहजीपुरा ने दावा किया कि पार्टी पंचायत चुनाव पूरी मजबूती के साथ लड़ रही है। उन्होंने कहा कि कई पंचायत समितियों में बसपा के समर्थन के बिना प्रधान बनना मुश्किल होगा। जिला प्रमुख के चुनाव में भी पार्टी की महत्वपूर्ण भूमिका रहेगी। उनके अनुसार, पार्टी को अब तक 35 से 40 आवेदन प्राप्त हो चुके हैं और पंचायत समितिवार कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारियां तय कर दी गई हैं। सहजीपुरा ने भाजपा और कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि दोनों पार्टियां लंबे समय से नगर परिषद, पंचायत समिति और जिला परिषद में सत्ता में रही हैं, लेकिन जनता की आवश्यकताओं को पूरा करने में नाकाम रही हैं। उन्होंने दावा किया कि जनता दोनों पार्टियों से परेशान होकर तीसरे विकल्प के रूप में बसपा की ओर देख रही है। उनके अनुसार, कई सीटों पर बसपा के प्रत्याशी भाजपा और कांग्रेस के उम्मीदवारों को कड़ी टक्कर देने की स्थिति में हैं।
माकपा भी कई वार्डों में उतारेगी प्रत्याशी
माकपा नेता रामेश्वर वर्मा ने बताया कि हनुमानगढ़ जंक्शन पंचायत समिति के चार वार्डों में पार्टी चुनाव लड़ रही है। जिला परिषद के एक निर्वाचन क्षेत्र और पीलीबंगा तहसील के एक वार्ड में भी माकपा प्रत्याशी मैदान में होंगे। इसके अलावा हनुमानगढ़ टाउन पंचायत समिति के दो वार्डों में पार्टी चुनाव लड़ेगी। वर्मा ने कहा कि पार्टी भाजपा और कांग्रेस की जनविरोधी नीतियों को लेकर जनता के बीच जा रही है। उन्होंने दावा किया कि दोनों पार्टियों के प्रति लोगों में नाराजगी है और माकपा को तीसरे विकल्प के रूप में समर्थन मिल रहा है। पार्टी को उम्मीद है कि उसके प्रत्याशी संबंधित वार्डों में जीत हासिल करेंगे।
