– हाउसिंग बोर्ड मैदान में 34वें दुर्गा पूजा महोत्सव का समापन, रंग-गुलाल लगाकर मां से अगले साल फिर आने की कामना की
हनुमानगढ़। हनुमानगढ़ जंक्शन की हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी स्थित मैदान में सार्वजनिक श्री श्री दुर्गा पूजा कमेटी की ओर से आयोजित 34वें विशाल दुर्गा पूजा महोत्सव का बुधवार को समापन हुआ। इस अवसर पर मां दुर्गा की प्रतिमा की विदाई से पहले सिंदूर खेला की रस्म निभाई गई। श्रद्धालुओं ने रंग-गुलाल लगाकर मां दुर्गा को विदाई दी। माता रानी की विदाई के समय माहौल भावुक हो गया और कई श्रद्धालुओं की आंखें नम हो गईं।

भक्तों ने मां दुर्गा के जयकारे लगाते हुए अगले वर्ष फिर आने की कामना की। महोत्सव के समापन पर विधिवत पूजा-अर्चना के बाद मां दुर्गा की प्रतिमा की विसर्जन यात्रा निकाली गई। यात्रा के दौरान श्रद्धालु भक्ति भाव से शामिल हुए। मां की विदाई के समय श्रद्धालुओं में भावुकता के साथ गहरी आस्था देखने को मिली। इसके बाद खुंजा नहर में प्रतिमा का विसर्जन किया गया। इसी के साथ छह दिवसीय दुर्गा पूजा महोत्सव संपन्न हो गया।
सिंदूर खेला के साथ दी मां को विदाई
महोत्सव के अंतिम दिन आयोजित सिंदूर खेला में महिलाओं और श्रद्धालुओं ने भाग लिया। रंग-गुलाल लगाकर मां दुर्गा को विदाई दी गई। इस दौरान भक्तों ने मां से परिवार की सुख-समृद्धि, खुशहाली और क्षेत्र में सुख-शांति बनाए रखने की प्रार्थना की। पूरे आयोजन के दौरान धार्मिक और भक्तिमय माहौल बना रहा।
कमेटी ने संभाली व्यवस्थाएं
महोत्सव के सफल आयोजन में कमेटी अध्यक्ष अजीत मंडल सहित संरक्षक राजकुमार गर्ग, हरीश दफ्तरी, उपाध्यक्ष विनोद मित्तल व सुमित गर्ग, व्यवस्था प्रभारी धीरज शाह, कोषाध्यक्ष मोहित गर्ग, प्रचार मंत्री सुग्रोतो बर्मण, पवन कुमार, अजय गर्ग, स्वप्न वसु सहित अन्य सदस्यों ने सहयोग किया।
