– जिला कांग्रेस अध्यक्ष मनीष मक्कासर बोले-मिल-बैठकर होगा टिकट वितरण, पंचायती राज संस्थाओं में कांग्रेस के जिला प्रमुख, प्रधान और सरपंच बनाने का लक्ष्य
हनुमानगढ़। जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष मनीष मक्कासर ने कहा कि पंचायती राज संस्थाओं के चुनाव को लेकर कांग्रेस पार्टी में मिल-बैठकर टिकट वितरण पर चर्चा की जाएगी। ग्रामीण क्षेत्र के युवाओं एवं महिलाओं पर विशेष फोकस रखते हुए उन्हें राजनीति में आगे लाने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी और पीसीसी अध्यक्ष गोविन्द डोटासरा के निर्देशानुसार पंचायत चुनाव में करीब 55 प्रतिशत युवाओं को मौका देने की दिशा में काम किया जाएगा। कांग्रेस के प्रदेश नेतृत्व की ओर से पंचायत एवं निकाय चुनावों में युवाओं को बड़ी संख्या में टिकट देने की बात पहले भी कही गई है। मक्कासर ने भाजपा सरकार पर तानाशाही का आरोप लगाते हुए कहा कि नगर निकाय चुनाव के दौरान पूरे प्रदेश में धन-दौलत और पुलिस प्रशासन के बल पर सरकारी तंत्र के दुरुपयोग के प्रयास किए गए। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकारी तंत्र के अधिकारी भाजपा के कार्यकर्ता बनकर जीते हुए विपक्षी पार्षदों को जबरन अपने पक्ष में करने के प्रयास में रहे। उन्होंने कहा कि बाड़ाबंदी में बैठे पार्षदों को उठाने के प्रयास किए गए तथा पार्षदों और उनके परिवार के लोगों के व्यापारिक प्रतिष्ठानों पर छापे मारे गए। इससे लोग काफी परेशान हुए। मक्कासर ने कहा कि हनुमानगढ़ में भी कई जगह छापेमारी हुई। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार की ओर से चुनावी तंत्र के किए गए कथित गलत इस्तेमाल का कांग्रेस पुरजोर विरोध करती है। मक्कासर ने पुलिस प्रशासन को भी हिदायत देते हुए कहा कि सरकारें आती-जाती रहती हैं। उन्होंने कहा कि आने वाले दो साल बाद प्रदेश में कांग्रेस की सरकार आने की पूरी उम्मीद है और जो अधिकारी भाजपा सरकार के इशारे पर चले, उनका हिसाब-किताब किया जाएगा। मक्कासर ने कांग्रेस पार्टी के जनप्रतिनिधियों से अपील की कि वे जनता के बीच जाकर भाजपा सरकार के खिलाफ नगर निकाय चुनाव में की गई कथित धक्केशाही की जानकारी दें। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी के नेता और एक-एक कार्यकर्ता मिलकर पंचायती राज संस्थाओं का आम चुनाव लड़ेगा तथा जिला प्रमुख, प्रधान और सरपंच के पदों पर कांग्रेस के प्रतिनिधियों को जिताने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि भाजपा के लोगों को इन चुनावों में गांवों में घुसने नहीं दिया जाएगा। कांग्रेस कार्यकर्ता गांव-गांव जाकर चुनाव की तैयारियों में जुटेंगे और पार्टी को मजबूत करने का काम करेंगे। विधायक की गिरफ्तारी के मुद्दे पर मनीष मक्कासर ने कहा कि यह कानूनी कार्रवाई है और वे इस बारे में ज्यादा कुछ नहीं कह सकते। उन्होंने कहा कि यदि विधायक सही हैं तो उन्हें डरने की आवश्यकता नहीं है। भाजपा सरकार के खिलाफ सभी लोग एकजुट होकर लड़ाई लड़ेंगे।
