हनुमानगढ़। अजमेर में पिछले सप्ताह राजस्थान एथलेटिक्स संघ के तत्वावधान में आयोजित राज्य स्तरीय जूनियर एथलेटिक्स प्रतियोगिता में हनुमानगढ़ जिले के खिलाड़ी प्रवीण ने 18 वर्ष आयु वर्ग के हेप्टाथलॉन में शानदार प्रदर्शन करते हुए रजत पदक हासिल किया। उनकी इस उपलब्धि से हनुमानगढ़ जिले का नाम प्रदेश स्तर पर रोशन हुआ है। पदक जीतकर हनुमानगढ़ लौटने पर विधायक गणेश राज बंसल ने प्रवीण का मेडल पहनाकर एवं मिठाई खिलाकर स्वागत किया। विधायक ने खिलाड़ी की उपलब्धि की सराहना करते हुए भविष्य में हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया। सोमारनाथ स्पोर्ट्स क्लब के संस्थापक सुनील सामरिया ने बताया कि प्रवीण ने प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन कर रजत पदक हासिल किया है। उन्होंने कहा कि प्रवीण की मेहनत और खेल के प्रति समर्पण अन्य खिलाड़ियों के लिए भी प्रेरणादायी है। प्रवीण अब आगामी राष्ट्रीय जूनियर एथलेटिक्स प्रतियोगिता में राजस्थान का प्रतिनिधित्व करेगा। जिले के खेल प्रेमियों एवं खेल जगत से जुड़े लोगों ने उसकी इस उपलब्धि पर खुशी जताते हुए राष्ट्रीय स्तर पर भी बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद जताई है। सम्मान समारोह के दौरान हाकम सिंह, रिंकू, चेतराम सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
