– तीन-तीन नामों का पैनल तैयार कर प्रदेश कार्यालय भेजेगी कोर कमेटी, सर्वे और सहमति के आधार पर होगा प्रत्याशियों का चयन
हनुमानगढ़। निकाय चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी में टिकट वितरण की कवायद तेज हो गई है। पूर्व में बनी सहमति वाले वार्डांे को छोड़कर शेष वार्डांे में प्राप्त आवेदनों पर विचार-विमर्श की प्रक्रिया मंगलवार को पूरी कर ली गई। भाजपा जिला कार्यालय में लगातार तीसरे दिन सभी आवेदकों से व्यक्तिगत रूप से संवाद किया गया। पार्टी की ओर से आवेदकों को स्पष्ट किया गया कि सर्वे एवं सहमति के आधार पर जिसे भी पार्टी का चुनाव चिह्न मिलेगा, सभी कार्यकर्ता उसके साथ मिलकर पार्टी को विजय दिलाने का प्रयास करेंगे।

भाजपा जिलाध्यक्ष प्रमोद डेलू एडवोकेट की अध्यक्षता में निकाय प्रभारी गजेंद्र सिंह ऑडिट तथा जिला संगठन सह प्रभारी जितेंद्र शर्मा ने आवेदकों से व्यक्तिगत चर्चा की। इस दौरान पार्टी की रीति-नीति से अवगत करवाते हुए सभी से पार्टी हित में एकजुट होकर काम करने का आह्वान किया गया। निकाय प्रभारी गजेंद्र सिंह ऑडिट ने बताया कि हनुमानगढ़ नगर परिषद के सभी 60 वार्डांे से करीब 160 आवेदन प्राप्त हुए हैं। मंगलवार शाम पांच बजे तक आवेदन प्राप्त करने की प्रक्रिया चली। अब इसके बाद कोर कमेटी की बैठक होगी, जिसमें प्रत्येक वार्ड के लिए तीन-तीन संभावित प्रत्याशियों का पैनल तैयार किया जाएगा।

यह पैनल प्रदेश कार्यालय भेजा जाएगा और वहां से अंतिम निर्णय के बाद ही पार्टी टिकट तय होगी। भाजपा जिलाध्यक्ष प्रमोद डेलू ने बताया कि जिले के सभी नगर निकायों से बड़ी संख्या में आवेदन प्राप्त हुए हैं। कोर कमेटी की ओर से पैनल तैयार कर जिला स्तर पर भेजे जाएंगे। इसके बाद पार्टी के दिशा-निर्देशों के अनुसार पैनल प्रदेश स्तर पर भेजे जाएंगे और वहीं से प्रत्याशियों के नामों पर अंतिम मुहर लगेगी।

बागियों पर होगी कड़ी कार्रवाई
भाजपा की टिकट पर पूर्व में विजयी रहे पार्षदों के निर्दलीय चुनाव लड़ने की संभावना को लेकर पूछे गए सवाल पर प्रमोद डेलू ने कहा कि लोकतंत्र में प्रत्येक व्यक्ति को चुनाव लड़ने का अधिकार है, लेकिन समर्पित भाजपा कार्यकर्ता पार्टी के चुनाव चिह्न पर ही चुनाव लड़ता है। उन्होंने कहा कि जो व्यक्ति पार्टी की रीति-नीति से बाहर जाकर पार्टी के खिलाफ चुनाव लड़ेगा, उसके खिलाफ संगठन की ओर से कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि पार्टी के साथ अन्याय या अनुशासनहीनता को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और ऐसे मामलों में कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

बच्चों की सुरक्षा को लेकर लिया निर्णय
स्कूलों में बाहरी व्यक्तियों के प्रवेश पर रोक के सवाल पर भाजपा जिलाध्यक्ष ने कहा कि सरकार ने यह निर्णय बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए लिया है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की सुरक्षा सरकार की प्राथमिकता है और इसी उद्देश्य से यह व्यवस्था लागू की गई है।
