ऐलनाबाद/सिरसा। हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड द्वारा आयोजित 10वीं व 12वीं की वार्षिक परीक्षाओं को नकलमुक्त एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए सिरसा पुलिस ने व्यापक सुरक्षा प्रबंध किए हैं। पुलिस अधीक्षक दीपक सहारण ने सभी पर्यवेक्षक अधिकारियों एवं थाना प्रभारियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए। एसपी दीपक सहारण ने स्पष्ट किया कि परीक्षा को निष्पक्ष व नकल रहित कराना पुलिस की पहली प्राथमिकता है। यदि किसी थाना क्षेत्र के स्कूल में नकल से संबंधित अनियमितता पाई गई तो संबंधित थाना प्रभारी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने स्वयं बड़ागुढ़ा थाना क्षेत्र के गांव रघुआना तथा नाथूसरी चौपटा थाना क्षेत्र के गांव नाथूसरी और दड़बा कलां स्थित स्कूलों का दौरा कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। जिला प्रशासन द्वारा परीक्षा केंद्रों के आसपास 200 मीटर की परिधि में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 163 लागू की गई है। इस दायरे में किसी भी प्रकार की भीड़ एकत्रित होने पर संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की जाएगी। एसपी ने पुलिस कर्मियों को निर्देश दिए कि परीक्षा केंद्रों में अभ्यर्थियों की गहन जांच के बाद ही प्रवेश दिया जाए तथा केंद्रों के आसपास संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी निगरानी रखी जाए।

उन्होंने कहा कि परीक्षा केंद्रों के भीतर या बाहर यदि कोई व्यक्ति नकल कराने का प्रयास करता है, बाधा उत्पन्न करता है या उपद्रव करता है तो उसके विरुद्ध तुरंत सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। ड्यूटी के दौरान किसी भी पुलिस अधिकारी या कर्मचारी के अनुपस्थित पाए जाने पर भी अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस अधीक्षक ने परीक्षा केंद्रों के नजदीक संचालित फोटो स्टेट, साइबर कैफे और इंटरनेट कैफे संचालकों पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए हैं। साथ ही परीक्षा केंद्रों की छतों पर पुलिस जवान तैनात किए जाएंगे, ताकि दूर-दराज तक नजर रखी जा सके। परीक्षा अवधि के दौरान डायल 112 की टीमों के साथ-साथ नियमित पेट्रोलिंग टीमें भी निरंतर गश्त करेंगी। पुलिस प्रशासन ने अभ्यर्थियों के साथ आने वाले परिजनों से अपील की है कि वे परीक्षा केंद्रों से कम से कम 200 मीटर दूर रहें। अनावश्यक भीड़ के कारण परीक्षार्थियों को असुविधा हो सकती है और समय की कमी के चलते उन्हें नुकसान उठाना पड़ सकता है। विद्यार्थियों से भी आग्रह किया गया है कि वे अपने परिजनों को निर्धारित दूरी बनाए रखने के लिए प्रेरित करें।
सुरक्षा के प्रमुख प्रबंध इस प्रकार हैं:
- संवेदनशील व अति संवेदनशील परीक्षा केंद्रों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती।
- नकल गिरोहों पर नजर रखने के लिए सादे कपड़ों में पुलिसकर्मियों की तैनाती।
- परीक्षा केंद्रों के आसपास धारा 163 लागू, 200 मीटर दायरे में भीड़ प्रतिबंधित।
- मोबाइल फोन, ब्लूटूथ, ईयरफोन, माइक्रोफोन सहित किसी भी प्रकार के कम्युनिकेशन डिवाइस पर पूर्ण प्रतिबंध।
एसपी दीपक सहारण ने कहा कि सिरसा पुलिस का मुख्य उद्देश्य परीक्षाओं को नकलमुक्त, शांतिपूर्ण और निष्पक्ष वातावरण में संपन्न कराना है। किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
