हनुमानगढ़। संगरिया थाना क्षेत्र में पुरानी रंजिश के चलते एक युवक पर हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल करने का मामला सामने आया है। संगरिया थाना पुलिस ने पीड़ित के पर्चा बयान के आधार पर आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार वार्ड नम्बर 11, गांव लीलांवाली निवासी गुरप्रीत सिंह (33) पुत्र बिल्लासिंह ने बताया कि उसका पिछले चार-पांच महीनों से हरदीप सिंह के साथ विवाद चल रहा था। 10 मार्च की शाम करीब 4.30 से 5 बजे के बीच वह अपने गांव के जितेंद्र के साथ पैदल खेत की ओर जा रहा था। इस दौरान वाटर वर्क्स के सामने हरदीप सिंह की दुकान के पास पीछे से हरदीप सिंह, उसके पिता बीरबल सिंह, हरदीप की माता और चार-पांच अन्य लोग वहां पहुंच गए। आरोप है कि हरदीप सिंह ने पहले उसके ऊपर पीसी हुई लाल मिर्च डाल दी और फिर दुकान से कापा (धारदार हथियार) लाकर उसके सिर पर वार कर दिया। हमले में गुरप्रीत सिंह के सिर पर गंभीर चोटें आईं। पीड़ित ने बताया कि आरोपियों ने उसे पकड़कर मारपीट भी की। शोर मचाने पर सभी आरोपी मौके से फरार हो गए। इसके बाद साथी जितेंद्र उसे मोटर साइकिल पर पहले संगरिया अस्पताल ले गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे हनुमानगढ़ टाउन के राजकीय चिकित्सालय रेफर कर दिया गया। पुलिस ने घायल के पर्चा बयान और चोटों के आधार पर आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले की जांच सहायक उप निरीक्षक रोहताश कुमार कर रहे हैं।
