हनुमानगढ़। जिला पुलिस लाइन में अनुशासन, समन्वय और दक्षता का शानदार प्रदर्शन करते हुए भव्य परेड का आयोजन किया गया। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक नरेन्द्र सिंह मीना ने परेड की सलामी ली और जवानों की टुकड़ियों का निरीक्षण कर उनकी तत्परता और अनुशासन की सराहना की। परेड की अगुवाई पुलिस निरीक्षक अनिल कुमार (संचित निरीक्षक) ने की। परेड में आरएसी के साथ जिले के विभिन्न थानों, चौकियों और पुलिस कार्यालयों का स्टाफ शामिल रहा। जवानों ने कदमताल और अनुशासन के साथ परेड का उत्कृष्ट प्रदर्शन कर पुलिस बल की कार्यकुशलता और समर्पण का परिचय दिया। परेड के उपरांत पुलिस अधीक्षक नरेन्द्र सिंह मीना ने पुलिस लाइन परिसर का विस्तृत निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने क्वार्टर गार्ड, कोत, कैंटीन, स्टोर, मेस, वाहन शाखा तथा जवानों के बैरकों का जायजा लिया और व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान उन्होंने साफ-सफाई, अनुशासन और व्यवस्थाओं को और सुदृढ़ करने पर विशेष जोर दिया।

इसके साथ ही पुलिस अधीक्षक ने पुलिस लाइन में जवानों और उनके परिवारों, विशेष रूप से बच्चों के लिए उपलब्ध कराई गई सुविधाओं का भी अवलोकन किया। उन्होंने जिम, लाइब्रेरी और आर.ओ. प्लांट का निरीक्षण करते हुए इन सुविधाओं के बेहतर उपयोग और रखरखाव के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पुलिस कर्मियों की कार्यक्षमता बनाए रखने के लिए उनके स्वास्थ्य, मानसिक संतुलन और परिवार की सुविधाओं का ध्यान रखना बेहद आवश्यक है। इस अवसर पर वृताधिकारी मीनाक्षी, रामचंद्र कस्वा, अशोक बिश्नोई, राकेश सांखला, रजनदीप कौर, रघुबीर बीका, मोनिका बिश्नोई तथा गुलाब सिंह सहित अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे। सभी अधिकारियों ने परेड और निरीक्षण कार्यक्रम में भाग लेते हुए पुलिस बल के अनुशासन और कार्यप्रणाली को और मजबूत बनाने की प्रतिबद्धता व्यक्त की।
