हनुमानगढ़। जिले के गोगामेड़ी थाना परिसर में सोमवार को एक महिला परिवादिया की सुनवाई के दौरान जिला पुलिस अधीक्षक नरेन्द्र सिंह मीना ने मामले में निष्पक्ष एवं प्रभावी कार्रवाई का आश्वासन दिया। दहेज प्रताड़ना से जुड़े एक प्रकरण को लेकर महिला परिवादिया पुलिस के समक्ष पेश हुई और मामले में त्वरित कार्रवाई की मांग की। जानकारी के अनुसार पुलिस थाना भिरानी में दर्ज दहेज प्रताड़ना से संबंधित मामले में उचित कार्रवाई की मांग को लेकर परिवादिया ममता पत्नी निकू, पुत्री धर्मवीर, निवासी पीरावाली ढाणी (हाल गडढा, तहसील भादरा) गोगामेड़ी थाने पहुंची। इस दौरान उन्होंने जिला पुलिस अधीक्षक के समक्ष अपना परिवाद प्रस्तुत कर न्याय की गुहार लगाई। पुलिस अधीक्षक ने महिला की शिकायत को गंभीरता से सुना और संबंधित मामले में अब तक की गई कार्रवाई की जानकारी ली। साथ ही उन्होंने मामले के अनुसंधान अधिकारी को अब तक की गई जांच की समीक्षा करने तथा आवश्यकतानुसार आगे की प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। एसपी ने परिवादिया को भरोसा दिलाया कि मामले में निष्पक्ष जांच करते हुए कानून के अनुसार उचित कार्रवाई की जाएगी, ताकि पीड़िता को न्याय मिल सके। पुलिस प्रशासन ने भी आश्वस्त किया कि प्रकरण में पारदर्शिता बनाए रखते हुए शीघ्र समाधान के प्रयास किए जाएंगे।
