- विधिक माप विज्ञान विभाग की विशेष जांच में तीन फर्मों का निरीक्षण, पैकेजिंग लाइसेंस और कांटों की जांच
हनुमानगढ़। उपभोक्ता मामले विभाग के निर्देशों की पालना में विधिक माप विज्ञान इकाई द्वारा पैकेज्ड वस्तुओं की जांच के लिए विशेष निरीक्षण अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान विधिक माप अधिकारी श्री विजय मीना के नेतृत्व में मंगलवार को हनुमानगढ़ जंक्शन स्थित विभिन्न प्रतिष्ठानों एवं फर्मों पर पैकेज्ड वस्तुओं की जांच की गई। अभियान के तहत एनएम मार्ट, ललित वैरायटी स्टोर एवं वी-मार्ट सहित कुल तीन फर्मों का निरीक्षण किया गया। इस दौरान पैकेज्ड वस्तुओं पर अंकित अनिवार्य घोषणाओं, नेट कंटेंट, संबंधित फर्मों के पैकिंग लाइसेंस तथा कांटों की जांच की गई। जांच के दौरान एनएम मार्ट पर पैकेजिंग लाइसेंस उपलब्ध नहीं पाया गया, जबकि ललित वैरायटी स्टोर पर कांटा असत्यापित पाया गया। इन अनियमितताओं के संबंध में संबंधित फर्मों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करते हुए कुल 10,000 रुपये की जुर्माना राशि का चालान किया गया। विधिक माप अधिकारी विजय मीना ने प्रतिष्ठान संचालकों को विधिक माप विज्ञान संबंधी नियमों की पालना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने उपभोक्ताओं को निर्धारित मात्रा एवं सही जानकारी के साथ पैकेज्ड वस्तुएं उपलब्ध करवाने तथा आवश्यक लाइसेंस एवं सत्यापन संबंधी प्रावधानों की पालना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। विधिक माप विज्ञान विभाग द्वारा उपभोक्ता हितों की सुरक्षा के लिए पैकेज्ड वस्तुओं की जांच एवं निरीक्षण की कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी।
