ऐलनाबाद। खंड के गांव पोहड़का स्थित श्री गुरु रविदास मंदिर बेगमपुरा धाम में गुरु रविदास जी का 649वां जन्मदिवस श्रद्धा व उल्लास के साथ मनाया जा रहा है। संत शिरोमणि श्री गुरु रविदास जी के 649वें जन्मदिवस के अवसर पर श्री गुरु रविदास मंदिर बेगमपुरा धाम, पोहड़का में धार्मिक व सामाजिक कार्यक्रमों का भव्य आयोजन किया गया। इस अवसर पर मंदिर परिसर में सुखमणि साहिब का पाठ, कीर्तन, भव्य मेला तथा विशाल भंडारे का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम की शुरुआत प्रातःकाल सुखमणि साहिब के पाठ से हुई, जिसके बाद रागी जत्थों द्वारा गुरुवाणी कीर्तन किया गया। कीर्तन के माध्यम से गुरु रविदास जी के जीवन, उनके उपदेशों और समाज सुधार के संदेशों का गुणगान किया गया। गुरु रविदास मंदिर बेगमपुरा धाम पोहड़का में आज सुबह से ही श्रद्धालुओं का आगमन शुरू हो गया। बड़ी संख्या में श्रद्धालु माथा टेकने पहुंचे और गुरु रविदास जी की शिक्षाओं को आत्मसात करने का संकल्प लिया।

मंदिर परिसर में आयोजित मेले में श्रद्धालुओं के लिए विभिन्न व्यवस्थाएं की गईं, वहीं विशाल भंडारे में सभी को प्रसाद वितरित किया गया। आयोजन को लेकर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला।
