चारणवासी। राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय चारणवासी के विद्यार्थियों और शिक्षकों ने राज्य सरकार के प्रवेशोत्सव अभियान के तहत गुरुवार को गांव में जन-जागरूकता रैली निकालकर शिक्षा के प्रति लोगों को जागरूक किया। रैली को विद्यालय के प्रधानाचार्य महेश कुमार सहू ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली में छात्र-छात्राएं हाथों में तख्तियां लेकर चल रहे थे, जिन पर ‘बच्चों का सरकारी स्कूल में कराओ दाखिला’, ‘पढ़ेगा इंडिया तो बढ़ेगा इंडिया’ और ‘उज्ज्वल भविष्य का आधार, सरकारी स्कूल में प्रवेश आज’ जैसे प्रेरक संदेश लिखे हुए थे। विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह के साथ सरकारी विद्यालयों में उपलब्ध सुविधाओं और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के समर्थन में नारे लगाए। इस दौरान शिक्षकों ने ग्रामीणों को सरकारी विद्यालयों की विशेषताओं से अवगत कराया और पंपलेट वितरित किए, जिनमें बोर्ड परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों के फोटो तथा विद्यालय में मिलने वाली निःशुल्क पाठ्यपुस्तक, यूनिफॉर्म, मिड-डे मील और छात्रवृत्ति योजनाओं की जानकारी दी गई। साथ ही इन पंपलेट्स को गांव की दीवारों पर भी चस्पा किया गया। प्रधानाचार्य ने अभिभावकों से अपने बच्चों का अधिक से अधिक नामांकन सरकारी स्कूलों में करवाने का आह्वान किया, ताकि सरकारी शिक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाया जा सके। इस अवसर पर सुशील गोदारा, बलवंत भांभू, अनिल सहारण, अनिल खाती, जगदीश, माणकचंद, सुखवीर सोलड़ा, मोहनलाल चौहान, सुमन, ममता, बंशीधर, विकास शास्त्री, सतीश खीचड़ और मुकेश सुथार सहित बड़ी संख्या में विद्यार्थी मौजूद रहे।
संवाददाता-जयलाल वर्मा
