oplus_0
हनुमानगढ़। राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड द्वारा घोषित कक्षा 12वीं के परीक्षा परिणाम में जंक्शन स्थित सर्वोदय बाल निकेतन उच्च माध्यमिक विद्यालय के विद्यार्थियों ने शानदार प्रदर्शन कर विद्यालय का नाम रोशन किया। विद्यालय की छात्रा आशा कौर ने 96 प्रतिशत अंक प्राप्त कर विद्यालय में प्रथम स्थान हासिल किया। वहीं सागर प्रताप सिंह और एंजिल ने 95 प्रतिशत अंक प्राप्त कर संयुक्त रूप से दूसरा स्थान प्राप्त किया। इसके अलावा रूपिंद्र कौर ने 93 प्रतिशत और मनदीप कुमार ने 91 प्रतिशत अंक हासिल कर उत्कृष्ट सफलता दर्ज की।

परिणाम घोषित होने के बाद गुरुवार को विद्यालय परिसर में मेधावी विद्यार्थियों के सम्मान में एक कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय व्यवस्थापक ओमप्रकाश साईं, संस्था प्रधान तथा समस्त स्टाफ सदस्यों ने मेधावी विद्यार्थियों का रंग-गुलाल लगाकर और माल्यार्पण कर गर्मजोशी से स्वागत किया। इस अवसर पर विद्यार्थियों की उपलब्धि पर खुशी व्यक्त करते हुए उन्हें आगे भी इसी तरह मेहनत और लगन के साथ पढ़ाई जारी रखने के लिए प्रेरित किया गया।

विद्यालय व्यवस्थापक ओमप्रकाश साईं ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं होता, बल्कि कड़ी मेहनत, अनुशासन और निरंतर प्रयास ही सफलता की कुंजी है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की इस उपलब्धि से न केवल विद्यालय बल्कि पूरे क्षेत्र का नाम रोशन हुआ है। साथ ही उन्होंने शिक्षकों की मेहनत और मार्गदर्शन की भी सराहना की।

संस्था प्रधान ने कहा कि विद्यालय हमेशा से गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देने के लिए प्रतिबद्ध रहा है और विद्यार्थियों की इस सफलता से यह साबित होता है कि सही मार्गदर्शन और मेहनत से किसी भी लक्ष्य को प्राप्त किया जा सकता है। कार्यक्रम के दौरान अन्य विद्यार्थियों को भी मेधावी विद्यार्थियों से प्रेरणा लेने और अपने लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए निरंतर प्रयास करने का संदेश दिया गया।

विद्यालय प्रबंधन के अनुसार विद्यार्थियों के इस उत्कृष्ट प्रदर्शन से विद्यालय की शैक्षणिक गुणवत्ता और शिक्षकों के समर्पण का स्पष्ट प्रमाण सामने आया है। कार्यक्रम के अंत में सभी मेधावी विद्यार्थियों को उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी गईं।
