ऐलनाबाद। शहर के ममेरा रोड स्थित सिद्ध पीठ श्री श्याम मंदिर में आयोजित फाल्गुन मेले के दूसरे दिन श्रद्धा, भक्ति और उत्साह का अद्भुत संगम देखने को मिला। इस अवसर पर शहर के रेलवे रोड स्थित दुर्गा मंदिर से विशाल शोभा यात्रा एवं कलश यात्रा का भव्य आयोजन किया गया। शोभायात्रा रेलवे रोड से प्रारंभ होकर अनाज मंडी, पंचमुखी चौक, ममेरा चौक, गांधी चौक, चौधरी देवीलाल चौक तथा नमस्ते चौक से होती हुई सायंकाल श्री सिद्ध पीठ श्याम मंदिर पहुंची।

यात्रा मार्ग में विभिन्न चौक-चौराहों पर श्रद्धालुओं एवं नागरिकों द्वारा भव्य स्वागत किया गया। कई स्थानों पर श्रद्धालु घरों की छतों से पुष्पवर्षा करते नजर आए। शोभायात्रा में विभिन्न देवी-देवताओं की मनमोहक झांकियों ने सभी का ध्यान आकर्षित किया। झांकियों में भगवान गणेश, शिव-पार्वती, हनुमान जी तथा राम-सीता की सुंदर प्रस्तुति श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रही।

सैकड़ों महिलाएं सिर पर पवित्र कलश धारण कर चल रही थीं, वहीं पुरुष श्रद्धालु हाथों में पीली धर्म ध्वजाएं लिए भक्ति भाव से यात्रा में सम्मिलित हुए। डफ की ताल पर महिलाएं एवं पुरुष भजन-कीर्तन करते हुए झूमते नजर आए, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया। उल्लेखनीय है कि मेले के तहत इससे पूर्व सिद्ध पीठ श्री श्याम मंदिर में भव्य रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया तथा मेहंदी प्रतियोगिता भी करवाई गई, जिसमें महिलाओं एवं युवतियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। फाल्गुन मेले के इस आयोजन ने शहर में धार्मिक एकता और उत्साह का वातावरण निर्मित कर दिया।
