नोहर। होली पर्व के मद्देनज़र चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग ने जिलेभर में विशेष खाद्य सुरक्षा एवं निरीक्षण अभियान शुरू किया है, जो 3 मार्च तक संचालित किया जाएगा। अभियान का उद्देश्य आमजन को शुद्ध एवं सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराना तथा मिलावटी खाद्य पदार्थों की बिक्री पर प्रभावी रोक लगाना है। यह अभियान आयुक्तालय खाद्य सुरक्षा एवं औषधि नियंत्रण, राजस्थान, जयपुर की आयुक्त आईएएस डॉ. टी. शुभमंगला के निर्देशन में चलाया जा रहा है। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. नवनीत शर्मा ने बताया कि होली के दौरान मावा, मिठाई, नमकीन, रंग, पेय पदार्थ एवं अन्य खाद्य सामग्रियों की मांग में उल्लेखनीय वृद्धि हो जाती है। मांग बढ़ने के साथ ही मिलावट की आशंका भी बढ़ जाती है।

इसी को ध्यान में रखते हुए विभाग द्वारा विशेष टीमों का गठन किया गया है, जो नियमित एवं आकस्मिक निरीक्षण के माध्यम से बाजार में बिक रही खाद्य सामग्री की गुणवत्ता की जांच कर रही हैं। अभियान के तहत बुधवार को खंड नोहर क्षेत्र में सघन जांच अभियान चलाया गया। इस दौरान विभिन्न प्रतिष्ठानों से कुल आठ खाद्य नमूने संग्रहित किए गए। इनमें मै. लक्ष्मी मावा भंडार से पनीर, मै. न्यू सहू मावा भंडार से मावा, मै. अंजनी इंटरप्राइजेज से दूध, मै. मेहसाना जिला सहकारी दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ लिमिटेड अपाला चिलिंग प्लांट से दूध, दुग्ध परिवहनकर्ता विनोद कुमार, मुकेश कुमार एवं ताराचंद से दूध के नमूने तथा मै. श्री रामदेव घी एंड पशु आहार से ‘नंद केसरी’ ब्रांड का घी का सैंपल शामिल है। संग्रहित सभी नमूनों को जांच के लिए बीकानेर स्थित जन स्वास्थ्य प्रयोगशाला भेज दिया गया है। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद यदि किसी भी नमूने में खाद्य सुरक्षा मानकों का उल्लंघन पाया जाता है तो संबंधित प्रतिष्ठान के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। इसमें आर्थिक दंड, लाइसेंस निलंबन अथवा निरस्तीकरण जैसी कठोर कार्यवाही भी शामिल हो सकती है। डॉ. शर्मा ने बताया कि अभियान के दौरान मिठाई की दुकानों, डेयरियों, थोक विक्रेताओं, किराना प्रतिष्ठानों एवं अस्थायी स्टॉलों की विशेष निगरानी की जा रही है।

खाद्य पदार्थों के भंडारण, स्वच्छता, लाइसेंस, लेबलिंग तथा गुणवत्ता मानकों की भी गहन जांच की जा रही है, ताकि उपभोक्ताओं को किसी प्रकार की असुविधा या स्वास्थ्य जोखिम का सामना न करना पड़े। निरीक्षण दल में खाद्य सुरक्षा अधिकारी सुदेश कुमार, गार्ड रणवीर, हीरावल्लभ एवं गुरशरण सिंह शामिल रहे। विभाग द्वारा स्पष्ट किया गया है कि ‘शुद्ध आहार मिलावट पर वार’ अभियान के तहत जिलेभर में सतत निगरानी रखी जाएगी और त्योहार के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। विभाग ने आमजन से अपील की है कि वे खाद्य सामग्री केवल विश्वसनीय एवं लाइसेंसधारी प्रतिष्ठानों से ही खरीदें। यदि किसी खाद्य पदार्थ की गुणवत्ता संदिग्ध लगे या मिलावट की आशंका हो तो तुरंत विभागीय हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराएं। प्रशासन का उद्देश्य है कि होली का पर्व सुरक्षित, स्वस्थ और उल्लासपूर्ण वातावरण में मनाया जा सके।
