चारणवासी। गांव फेफाना में विनोद भादू पर हुए कातिलाना हमले के मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक और आरोपी को हरियाणा से गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस टीम ने आरोपी रजत (22) पुत्र शंकरलाल जाट, निवासी ढाणी खेत खुद खारियां, थाना रानियां (हरियाणा) को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार इस मामले में पहले ही एक नाबालिग सहित पांच आरोपियों को न्यायिक अभिरक्षा में भेजा जा चुका है। जानकारी के मुताबिक 5 मार्च को परिवादी सुनील पुत्र मालाराम भादू ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 4 मार्च को नवीनदान चारण, पवनदान, विशाल, कर्ण, संदीप, हर्ष, अमित उर्फ दांतलिया और अमित (हरियाणा) सहित अन्य लोगों ने लोहे की रॉड, डंडों और बरछी से हमला कर उसके भाई विनोद भादू को गंभीर रूप से घायल कर दिया। मामले में पुलिस ने विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की थी। प्रारंभिक जांच अधिकारी सीआई कैलाशचंद्र ने 7 मार्च को अमित उर्फ मितु (19) पुत्र महेन्द्र सिंह, निवासी 06 आरपी मिर्जावाली मेर (तलवाड़ा), हर्ष (19) पुत्र मोहनलाल, निवासी फेफाना और संदीप (36) पुत्र रमेश कुमार, निवासी जसाना को गिरफ्तार किया था। इसके बाद जांच अधिकारी को बदला गया और जांच एसआई को सौंपी गई। नई जांच में पुलिस ने एक नाबालिग के साथ नवीनदान चारण उर्फ लीलू और अब रजत को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार इस मामले में अब तक कुल छह आरोपी गिरफ्तार किए जा चुके हैं, जबकि मामले में आठ नामजद सहित अन्य लोगों की संलिप्तता की भी जांच जारी है।
