ऐलनाबाद। नोहर रोड पर रहने वाला एक युवक धारूहेड़ा क्षेत्र से रहस्यमय तरीके से लापता होने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। युवक के परिजनों ने अपहरण की आशंका जताते हुए थाने में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, गांव बहोर निवासी गोलू कुमार (पुत्र अर्जुन साहनी) श्याम कोट्स फैक्ट्री, नोहर रोड, ऐलनाबाद से रेवाड़ी में कार्यरत था। 22 अक्टूबर की शाम करीब 7:45 बजे वह फैक्ट्री से काम खत्म कर घर लौटने के लिए निकला था, लेकिन देर रात तक घर नहीं पहुंचा। परिजनों ने बताया कि उन्होंने युवक की काफी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। जब गोलू कुमार फैक्ट्री से निकला था, उस समय उसने काली टी-शर्ट, जींस पैंट और पैरों में चप्पल पहन रखी थी। उसकी उम्र करीब 20 साल बताई जा रही है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और युवक की तलाश में संभावित स्थानों पर दबिश दी जा रही है। थाना प्रभारी ने बताया कि जल्द ही युवक का पता लगाने के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं। आम जनता से भी अपील की गई है कि यदि किसी को इस युवक के बारे में कोई जानकारी मिले तो तुरंत पुलिस को सूचित करें।
