हनुमानगढ़। विश्व हिन्दू परिषद एवं बजरंग दल हनुमानगढ़ द्वारा जिला स्तरीय प्रशिक्षण वर्ग का आयोजन रविवार को एसकेडी विश्वविद्यालय परिसर में किया गया। प्रशिक्षण वर्ग में जिले के विभिन्न प्रखंडों से आए युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रशिक्षण वर्ग के बौद्धिक सत्र को विभाग संगठन मंत्री भूपेश वैष्णव ने संबोधित किया। उन्होंने कहा कि बजरंग दल केवल एक संगठन नहीं, बल्कि राष्ट्र, धर्म और संस्कृति की रक्षा के लिए समर्पित एक सशक्त विचार है। भगवान हनुमान को आदर्श मानते हुए संगठन सेवा, सुरक्षा और संस्कार के मूल मंत्र पर कार्य करता है। उन्होंने युवाओं से सामाजिक, सांस्कृतिक एवं नैतिक चुनौतियों के प्रति जागरूक रहते हुए राष्ट्रहित में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। कृति सत्र में विश्व हिन्दू परिषद विधि आयाम के प्रांत संयोजक प्रताप सिंह शेखावत ने कार्यकर्ताओं को विभिन्न कानूनी पहलुओं की जानकारी दी। समापन समारोह की अध्यक्षता विश्व हिन्दू परिषद जिला अध्यक्ष डॉ. निशांत बत्रा ने की।

इस अवसर पर जिला उपाध्यक्ष मोहन चगोई एवं राजेश जोशी भी मौजूद रहे। बजरंग दल प्रांत गौरक्षा प्रमुख इंद्रजीत नांदिवाल ने बताया कि प्रशिक्षण वर्ग का मुख्य उद्देश्य युवाओं में राष्ट्रभक्ति, सामाजिक समरसता, संगठन कौशल, शारीरिक दक्षता एवं सांस्कृतिक मूल्यों का विकास करना था। जिला सहसंयोजक सुनील चाहर तथा सोनू सोनी ने कहा कि राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। संस्कारित एवं राष्ट्रनिष्ठ युवा ही समाज और देश को नई दिशा प्रदान कर सकते हैं। प्रशिक्षण वर्ग के दौरान शारीरिक, बौद्धिक एवं व्यावहारिक सत्रों के माध्यम से प्रतिभागियों को संगठन कार्य, सेवा गतिविधियों, सामाजिक दायित्वों तथा भारतीय संस्कृति के संरक्षण के प्रति प्रेरित किया गया। इस अवसर पर महेंद्र पुनिया, करण पारीक, कुश सुथार, जतिन वशिष्ठ सहित अनेक पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में आयोजकों ने एसकेडी विश्वविद्यालय प्रबंधन एवं सहयोगी समिति का आभार व्यक्त किया।
