हनुमानगढ़। टाउन की बरकत कॉलोनी, वार्ड 45 में गहरे नाले पर बनी पुलिया जर्जर अवस्था में पहुंच चुकी है। स्थानीय लोगों का कहना है कि पुलिया की हालत इतनी खराब हो गई है कि कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। इस समस्या को लेकर शुक्रवार को वार्डवासी मौके पर एकत्रित हुए और नगर परिषद की अनदेखी के खिलाफ विरोध-प्रदर्शन किया।


वार्डवासी सुरेश कुमार ने बताया कि करीब चार वर्ष पहले नाले पर इस पुलिया का निर्माण कराया गया था। निर्माण के कुछ समय बाद ही ट्रैक्टर चढ़ाने से पुलिया क्षतिग्रस्त हो गई थी। इसके बाद से आज तक इसकी मरम्मत नहीं करवाई गई। वर्तमान में पुलिया की स्थिति अत्यंत कमजोर हो चुकी है, जबकि इसी रास्ते से मोहल्ले के लोग प्रतिदिन आवाजाही करते हैं। स्थानीय निवासियों ने आशंका जताई कि पुलिया के अचानक गिरने से गंभीर दुर्घटना हो सकती है।


इसके अलावा पास में बना नाला भी खुला पड़ा है, जिसमें आए दिन बच्चों के गिरने की घटनाएं सामने आती रहती हैं। वार्डवासियों का कहना है कि यदि समय रहते उचित कार्रवाई नहीं की गई तो भविष्य में बड़ा हादसा हो सकता है। प्रदर्शन कर रहे लोगों ने नगर परिषद प्रशासन से मांग की है कि तुरंत पुलिया का तकनीकी निरीक्षण कर आवश्यक मरम्मत कार्य करवाया जाए तथा खुले पड़े नाले को ढकवाकर क्षेत्रवासियों को सुरक्षित आवागमन की सुविधा उपलब्ध करवाई जाए। इस मौके पर तारिक, जितेन्द्र दास, मुकेश राय, साजिद खान, अशोक कुमार, दशरथ दास, विजय, बलिन्द्र दास सहित कई वार्डवासी मौजूद थे।
