हनुमानगढ़। जंक्शन शहर में बिगड़ती यातायात व्यवस्था और भारी वाहनों के प्रतिबंधित समय में प्रवेश की तरफ जिला कलक्टर और पुलिस अधीक्षक का ध्यान आकर्षित करवाया गया है। इस संबंध में सामाजिक कार्यकर्ता सुशील बहल ने शुक्रवार को कलक्टर और एसपी को ज्ञापन सौंपकर शहरवासियों को प्रतिदिन जाम और अव्यवस्था से हो रही परेशानी का उल्लेख करते हुए तत्काल प्रभाव से ठोस कार्रवाई की मांग की। सुशील के अनुसार अंबेडकर चौक से चूना फाटक तक सुबह 9 बजे से रात्रि 9 बजे के मध्य भारी वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध है, लेकिन इसके बावजूद प्रतिदिन सैकड़ों ट्रक और अन्य भारी वाहन इस मार्ग से गुजरते देखे जा सकते हैं। आरोप है कि यातायात पुलिस की मौजूदगी में ही नियमों की अनदेखी की जा रही है। चूना फाटक बंद होने पर अक्सर लंबा जाम लग जाता है, जिससे एंबुलेंस तक फंस जाती हैं। ऐसी स्थिति में गंभीर मरीजों की जान को खतरा बना रहता है।

पूर्व में नेशनल पब्लिक स्कूल के पास हुए एक बड़े हादसे का भी उल्लेख करते हुए कहा गया है कि प्रशासन को सबक लेते हुए सख्ती बरतनी चाहिए। ज्ञापन में यह भी कहा गया कि बस अड्डे से शहीद भगत सिंह चौक और वहां से रेलवे स्टेशन तक यातायात की स्थिति अत्यंत खराब है। नगर परिषद की ओर से नॉन-वेंडिंग जोन घोषित किए जाने के बावजूद शाम के समय सड़क किनारे सब्जी की रेहड़ियां लग जाती हैं, जिससे मार्ग पूरी तरह बाधित हो जाता है। दोपहिया वाहन तो दूर, पैदल निकलना भी मुश्किल हो जाता है। स्थानीय दुकानदारों का कहना है कि इससे उनका व्यापार प्रभावित हो रहा है। विरोध करने पर कुछ रेहड़ी संचालकों की ओर से अभद्र व्यवहार किए जाने की शिकायत भी की गई है। यही स्थिति चूना फाटक और तिलक सर्किल क्षेत्र में भी बनी हुई बताई गई है।
कई महीनों से बनी हुई है समस्या
बहल के अनुसार यह समस्या एक-दो दिन की नहीं बल्कि पिछले कई महीनों से लगातार बनी हुई है। कई बार संबंधित अधिकारियों को अवगत करवाने के बावजूद ठोस कार्रवाई नहीं हुई। सुशील बहल ने ज्ञापन के माध्यम से मांग की कि प्रतिबंधित समय में भारी वाहनों के प्रवेश पर सख्ती से रोक लगाई जाए। संवेदनशील स्थानों पर यातायात पुलिस की जवाबदेही तय की जाए। नॉन-वेंडिंग जोन में अतिक्रमण हटाने के लिए नियमित अभियान चलाया जाए। जाम प्रभावित क्षेत्रों में स्थायी यातायात योजना लागू की जाए।
