जयपुर। परिवहन विभाग ने बिना टैक्स जमा कराए सड़कों पर चल रही बसों के खिलाफ सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। आरटीओ प्रथम की ओर से बुधवार से 7 दिन का विशेष अभियान शुरू किया गया है, जिसके तहत बकाया टैक्स वाली बसों को सीज कर वसूली की जाएगी। आरटीओ प्रथम राजेंद्र सिंह शेखावत ने बताया कि विभाग ने ऐसी 360 बसों को चिन्हित किया है, जिन पर परिवहन कर बकाया है और इसके बावजूद वे लगातार सड़कों पर संचालित हो रही हैं। अभियान का मुख्य उद्देश्य लंबित राजस्व की वसूली सुनिश्चित करना है। उन्होंने बताया कि सभी फ्लाइंग स्क्वॉड को अपने-अपने क्षेत्रों में इन बसों की सघन जांच करने के निर्देश दिए गए हैं। बिना टैक्स जमा कराए चल रही बसों को मौके पर ही सीज किया जाएगा और बकाया राशि की वसूली की जाएगी। अभियान को प्रभावी बनाने के लिए हर इंस्पेक्टर को निश्चित संख्या में बसों की जांच और वसूली का टारगेट दिया गया है। सात दिन बाद इसकी समीक्षा की जाएगी। अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि अभियान में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। आरटीओ प्रथम ने कहा कि यदि कोई इंस्पेक्टर अपने हिस्से की बसों से वसूली नहीं कर पाता है तो उसकी रिपोर्ट मुख्यालय को भेजी जाएगी और नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। इस अभियान की मॉनिटरिंग डीटीओ नाथु सिंह द्वारा की जा रही है। फील्ड से रोजाना रिपोर्ट ली जा रही है, ताकि कार्रवाई प्रभावी ढंग से चल सके और राजस्व वसूली में तेजी लाई जा सके। परिवहन विभाग को उम्मीद है कि सात दिन के इस विशेष अभियान से बकाया टैक्स की वसूली में सुधार होगा और नियमों की अनदेखी करने वालों को कड़ा संदेश जाएगा।
