बीकानेर। लूणकरणसर तहसील के महाजन उप तहसील क्षेत्र के अर्जुनसर गांव के मुख्य बाजार में रविवार सुबह 7 बजे एक दुकान में भीषण आग लग गई। आग की लपटें पास की अन्य दुकानों तक फैल गईं, जिससे लाखों रुपए का नुकसान होने का अंदेशा जताया जा रहा है। दुकान सरपंच सुमन गवारिया के पति पवन गवारिया की है। आग लगते ही बाजार में अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोग तथा दुकानदार मौके पर जुट गए। स्थानीय नागरिकों और ग्रामीणों ने फायर ब्रिगेड की देर से पहुंचने के बावजूद आग बुझाने का जिम्मा उठाया। पानी के टैंकर और स्प्रे मशीनों (ढोल) का उपयोग कर आग पर काबू पाने का प्रयास किया गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग इतनी भीषण थी कि दुकान की छत गिर गई और लपटें आसपास की दुकानों की ओर फैल गईं। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार इस आगजनी में करीब 10 से 15 लाख रुपए का नुकसान हुआ है। दुकान में रखा सारा सामान पूरी तरह जलकर खाक हो गया। फायर ब्रिगेड करीब तीन घंटे की देरी से मौके पर पहुंची, तब तक स्थानीय लोगों ने काफी हद तक आग पर नियंत्रण पा लिया था। इस घटना के बाद महाजन और आसपास के क्षेत्रों में फायर ब्रिगेड की कमी को लेकर नाराजगी व्यक्त की जा रही है। लोग मानते हैं कि समय पर दमकल पहुंचती तो नुकसान काफी कम हो सकता था।
