रावतसर। क्षेत्र में हाल ही में हुई बेमौसम बारिश और ओलावृष्टि ने किसानों की मेहनत पर पानी फेर दिया है। इस प्राकृतिक आपदा से सरसों, चना, गेहूं और जौ जैसी प्रमुख फसलें बुरी तरह प्रभावित हुई हैं, जिससे अन्नदाताओं के सामने आर्थिक संकट गहरा गया है। पूर्व विधायक धर्मेंद्र मोची ने राजस्थान के मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा को पत्र लिखकर प्रभावित किसानों के लिए शीघ्र गिरदावरी करवाने और उचित मुआवजा दिलाने की मांग उठाई है। अपने पत्र में उन्होंने पीलीबंगा विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत रावतसर तहसील के विभिन्न चकों—21 RWD मूढ़ से अंतिम छोर तक, 22 RWD, 20 RWD-C, 1 SPM, 2 SPM, 2 BPM, 1 से 5 BWM, 6-7 KM, 4 KM, 22 RWD A-B—तथा पीलीबंगा तहसील के 4-5-6-7 ZWD, 5-6 HLM, 5-6 BHM, 11-12-13 MWM सहित कई क्षेत्रों का उल्लेख करते हुए फसलों को हुए व्यापक नुकसान की जानकारी दी है।

उन्होंने कहा कि तेज बारिश और ओलावृष्टि के कारण खेतों में खड़ी फसलें जमीन पर गिर गईं, जिससे किसानों की महीनों की मेहनत कुछ ही समय में बर्बाद हो गई। इस नुकसान ने किसानों के चेहरों पर मायूसी और भविष्य को लेकर चिंता बढ़ा दी है। धर्मेंद्र मोची ने अपने पत्र में भावुक शब्दों में लिखा कि किसान पहले से ही आर्थिक दबाव में है और यह आपदा उसकी कमर तोड़ने वाली साबित हो रही है। परिवार के पालन-पोषण, बच्चों की शिक्षा और कर्ज की चिंता अब और बढ़ गई है। उन्होंने मुख्यमंत्री से आग्रह किया कि प्रभावित क्षेत्रों में तत्काल गिरदावरी करवाई जाए और किसानों को जल्द से जल्द उचित मुआवजा दिया जाए, ताकि वे इस संकट से उबरकर दोबारा खेती कार्य शुरू कर सकें। यह मांग केवल आर्थिक सहायता की नहीं, बल्कि किसानों के टूटते आत्मविश्वास को संभालने और उनके जीवन को फिर से पटरी पर लाने की दिशा में एक जरूरी कदम है।
संवाददाता- नरेश
