हनुमानगढ़। गांव दो केएनजे स्थित राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में गुरुवार को कक्षा 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षा में उत्तीर्ण विद्यार्थियों के सम्मान में समारोह आयोजित किया गया। विद्यालय प्रबंध समिति की ओर से विद्यार्थियों को उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए सम्मानित किया गया। विद्यालय का इस वर्ष का परीक्षा परिणाम शत प्रतिशत रहा। कक्षा 12 में सौरभ ने 88 प्रतिशत, जश्नदीप ने 87 प्रतिशत और भागवन्ती ने 84 प्रतिशत अंक प्राप्त कर क्रमश: प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान हासिल किया। इसके अलावा, 6 अन्य छात्रों ने 75 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त किए। कुल 19 छात्रों में से 13 छात्र-छात्राएं प्रथम श्रेणी में उत्तीर्ण हुए जबकि शेष 6 द्वितीय श्रेणी में शामिल हैं। प्रधानाचार्य सुनील चौधरी ने सभी उत्तीर्ण विद्यार्थियों को बधाई दी और उन्हें उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा कि यह सफलता विद्यालय के समर्पित शिक्षक स्टाफ और विद्यार्थियों की मेहनत का परिणाम है। इसके साथ ही, उन्होंने अभिभावकों की भूमिका की भी सराहना की, जिन्होंने बच्चों की पढ़ाई में सहयोग किया। प्रधानाचार्य ने बताया कि वर्तमान में प्रवेशोत्सव अभियान चल रहा है। इस अभियान के तहत दो केएनजे आबादी क्षेत्र, आईटीआई क्षेत्र, ड्रीमलैण्ड कॉलोनी और भ_ा बस्ती में टीमों की ओर से सर्वे कार्य किया जा रहा है। अधिकांश क्षेत्रों में सर्वे कार्य पूरा हो चुका है। अभियान का मुख्य उद्देश्य अनामांकित और ड्रॉपआउट बच्चों को विद्यालय से जोड़ना है ताकि वे शिक्षा के माध्यम से उज्ज्वल भविष्य की ओर अग्रसर हो सकें। विद्यालय प्रशासन ने अभिभावकों और स्थानीय समुदाय से सहयोग की अपील की है ताकि अधिक से अधिक बच्चों को शिक्षा से जोड़ा जा सके।
