हनुमानगढ़। भारतीय जनता पार्टी जिला कार्यालय हनुमानगढ़ में आईटी, सोशल मीडिया एवं मीडिया संयोजकों की एक महत्वपूर्ण बैठक जिलाध्यक्ष प्रमोद डेलू की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में मुख्य वक्ता के रूप में प्रदेश प्रतिनिधि चेतनप्रकाश राजपुरोहित उपस्थित रहे। इस दौरान जिला एवं मंडल स्तर के पदाधिकारी और संयोजकों ने भाग लिया। बैठक को संबोधित करते हुए चेतनप्रकाश राजपुरोहित ने कहा कि वर्तमान समय में मीडिया, आईटी और सोशल मीडिया की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण हो गई है। उन्होंने कार्यकर्ताओं को निर्देशित किया कि भाजपा द्वारा किए जा रहे जनहितकारी कार्यों और केंद्र व राज्य सरकार की योजनाओं की जानकारी प्रभावी तरीके से आमजन तक पहुंचाई जाए। उन्होंने कहा कि डिजिटल युग में बच्चे, युवा, महिलाएं और बुजुर्ग सभी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म से जुड़े हुए हैं, इसलिए इन माध्यमों का अधिकतम उपयोग कर योजनाओं का प्रचार-प्रसार करना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि यदि मंडल स्तर तक के संयोजक सक्रिय होकर योजनाओं का प्रचार करेंगे तो अंतिम पंक्ति के अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाया जा सकेगा। साथ ही सोशल मीडिया का सकारात्मक उपयोग करते हुए पार्टी की नीतियों और उपलब्धियों को लोगों तक पहुंचाने पर जोर दिया। जिला मीडिया प्रभारी कृष्ण तायल ने कहा कि मीडिया का कार्य केवल समाचार देना ही नहीं, बल्कि सही जानकारी को सही समय पर लोगों तक पहुंचाना भी है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से तथ्यात्मक और सकारात्मक खबरों को प्राथमिकता देने तथा सोशल मीडिया पर सक्रिय रहकर संगठन की छवि को मजबूत बनाने का आह्वान किया। बैठक की अध्यक्षता करते हुए जिलाध्यक्ष प्रमोद डेलू ने कहा कि भाजपा संगठन तकनीक और मीडिया के प्रभावी उपयोग में हमेशा अग्रणी रहा है। उन्होंने कार्यकर्ताओं को प्रेरित करते हुए कहा कि प्रत्येक संयोजक अपने-अपने क्षेत्र में सक्रिय भूमिका निभाते हुए सरकार की योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य करें। बैठक के अंत में संगठन की मजबूती और आगामी कार्यक्रमों को लेकर विस्तृत चर्चा की गई तथा सभी कार्यकर्ताओं से जिम्मेदारी के साथ सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया गया।
