गोरखपुर। जिले के चौरीचौरा थाना क्षेत्र में कक्षा 9 की 14 वर्षीय छात्रा के साथ चार महीने तक गैंगरेप का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोप है कि छात्रा को बहला-फुसलाकर ले जाने के बाद अलग-अलग स्थानों और होटलों में करीब 10 लोगों ने उसके साथ दुष्कर्म किया। पुलिस ने अब तक 4 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है, जबकि 6 अन्य से पूछताछ की जा रही है। पुलिस के अनुसार, छात्रा 1 नवंबर 2025 को सुबह करीब 9 बजे स्कूल जाने के लिए घर से निकली थी, लेकिन वापस नहीं लौटी। परिजनों ने काफी तलाश के बाद 7 नवंबर को थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। मामले की जांच के दौरान 23 मार्च को पुलिस ने छात्रा को बरामद कर लिया। पूछताछ में छात्रा ने बताया कि रास्ते में ऑटो चालक मनीष राजभर उर्फ मोनू मिला, जो उसे बहाने से एक निर्माणाधीन मकान में ले गया और उसके साथ दुष्कर्म किया। कुछ देर बाद उसके साथी समीर उर्फ दिलशाद और किशन उर्फ बिट्टू भी वहां पहुंच गए और उन्होंने भी छात्रा के साथ रेप किया। इसके बाद आरोपी छात्रा को सड़क पर छोड़कर फरार हो गए। डरी-सहमी छात्रा रामगढ़ताल इलाके में पहुंच गई, जहां उसकी मुलाकात एक अन्य युवक से हुई। युवक उसे बहला-फुसलाकर अपने घर ले गया और करीब एक महीने तक अपने पास रखा। इस दौरान उसने और उसके दो साथियों ने भी छात्रा के साथ दुष्कर्म किया। छात्रा के मुताबिक बाद में वह फिर से ऑटो चालक के संपर्क में आ गई, जिसने उसे अपने साथ ले लिया। इस दौरान करीब चार महीने तक उसे अलग-अलग जगहों और कई होटलों में ले जाकर कुल 10 लोगों ने उसके साथ दुष्कर्म किया। पुलिस ने छात्रा का मेडिकल परीक्षण कराया, जिसमें दुष्कर्म की पुष्टि हुई है। कॉल डिटेल और अन्य साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने आरोपी मनीष राजभर उर्फ मोनू, समीर उर्फ दिलशाद, किशन उर्फ बिट्टू और होटल संचालक धर्मराज यादव को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। एसपी नॉर्थ ज्ञानेंद्र कुमार ने बताया कि पीड़िता का कोर्ट में बयान दर्ज कराया गया है। उसके बयान के आधार पर मामला दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है। अन्य आरोपियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
