हनुमानगढ़। ठंडी छांव लंगर सेवा समिति के सदस्यों की ओर से मंगलवार को जंक्शन स्थित शहीद भगतसिंह चौक के निकट ठंडे-मीठे पानी की छबील लगाकर भीषण गर्मी से राहत पहुंचाने का प्रयास किया गया। तेज गर्मी के बीच बड़ी संख्या में राहगीरों ने छबील में पहुंचकर ठंडा-मीठा पानी पीकर अपनी प्यास बुझाई। छबील के दौरान पर्यावरण संरक्षण का विशेष ध्यान रखा गया। समिति की ओर से डिस्पोजल गिलास का उपयोग नहीं किया गया तथा स्वच्छता व्यवस्था बनाए रखने पर विशेष जोर दिया गया। समिति के दीपक कुमार ने बताया कि ठंडी छांव लंगर सेवा समिति पिछले पांच वर्षांे से टाउन स्थित राजकीय जिला चिकित्सालय में निशुल्क लंगर सेवा संचालित कर रही है। इसके तहत मरीजों और उनके परिजनों को सुबह के समय दूध, दलिया, ब्रेड, खिचड़ी, बिस्कुट सहित अन्य खाद्य सामग्री उपलब्ध करवाई जाती है। उन्होंने बताया कि इन दिनों जिले में तापमान 45 डिग्री सेल्सियस के आसपास पहुंच रहा है। ऐसे में बाजार आने वाले लोगों को गर्मी से राहत देने के उद्देश्य से शहरवासियों के सहयोग से जंक्शन के शहीद भगतसिंह चौक पर छबील का आयोजन किया गया। इससे पूर्व टाउन क्षेत्र में भी समिति की ओर से लगातार छबील लगाकर लोगों को राहत पहुंचाई गई थी। दीपक कुमार ने आमजन से गर्मी के मौसम में पशु-पक्षियों की भी चिंता करने की अपील करते हुए कहा कि लोग अपने घरों और सार्वजनिक स्थानों पर परिंडे बांधें तथा पशुओं के लिए खेळी में पानी की व्यवस्था करें, ताकि भीषण गर्मी में उन्हें भी राहत मिल सके।
