– रामलीला ग्राउंड में शाम 4:30 से 6:30 बजे तक होगी भव्य आतिशबाजी, 1500 लोगों के बैठने सहित पेयजल और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम
हनुमानगढ़। बुराई पर अच्छाई की जीत का प्रतीक दशहरा महोत्सव मंगलवार को श्री रामलीला समिति की ओर से धूमधाम से मनाया जाएगा। इस दौरान बाइपास स्थित रामलीला ग्राउंड में रावण, कुंभकरण और मेघनाद के विशाल पुतलों का दहन किया जाएगा। महोत्सव को लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं और लोगों में आयोजन को लेकर उत्साह है। समिति की ओर से मील फार्म हाउस में पुतला निर्माण का कार्य पूरा करवा लिया गया है। उत्तर प्रदेश से आए कलाकारों ने करीब 50-50 फीट ऊंचे तीनों पुतलों का निर्माण किया है। अब इन्हें ट्रकों के माध्यम से रामलीला ग्राउंड पहुंचाया जाएगा, जहां विधि-विधान से पुतला दहन होगा।
दो घंटे होगी भव्य आतिशबाजी
दशहरा महोत्सव के दौरान मंगलवार शाम 4:30 बजे से 6:30 बजे तक भव्य आतिशबाजी की जाएगी। आयोजन में आने वाले लोगों की सुविधा के लिए रामलीला ग्राउंड में करीब 1500 लोगों के बैठने की व्यवस्था की गई है। इसके साथ ही पेयजल, टेंट, लाइट सहित अन्य आवश्यक इंतजाम भी किए गए हैं।
सुरक्षा के लिए स्वयंसेवक और पुलिसकर्मी रहेंगे तैनात
समिति के बालकृष्ण गोल्याण ने कहा कि दशहरा हिंदू धर्म का प्रमुख त्योहार है, जो बुराई पर अच्छाई की विजय का संदेश देता है। उन्होंने शहरवासियों से महोत्सव में अधिकाधिक संख्या में भाग लेने की अपील की। सुरक्षा व्यवस्था के तहत सनातन धर्म महावीर दल के करीब तीन दर्जन स्वयंसेवक सेवाएं देंगे। इसके अलावा पुलिसकर्मी भी तैनात रहेंगे, ताकि आयोजन शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से संपन्न हो सके।
