हनुमानगढ़। मक्कासर गांव स्थित सुखा सिंह अखाड़े के पहलवानों ने भरतपुर के डीग में आयोजित राज्य स्तरीय कुश्ती प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए हनुमानगढ़ का नाम रोशन किया। प्रतियोगिता में अखाड़े के पहलवानों ने दो स्वर्ण सहित चार पदक हासिल किए। प्रतियोगिता में 87 किलोग्राम भार वर्ग में संकेत फौजी ने स्वर्ण पदक हासिल किया। वहीं 110 किलोग्राम भार वर्ग में सौरभ लिंबा ने स्वर्ण पदक जीता। 130 किलोग्राम भार वर्ग में दिलबर सिंह ने रजत तथा 72 किलोग्राम भार वर्ग में गौरव शर्मा ने कांस्य पदक अपने नाम किया। सोमवार को पहलवानों के हनुमानगढ़ लौटने पर खेल प्रेमियों और ग्रामीणों ने उनका जोरदार स्वागत किया। स्वागत में रंग-गुलाल लगाया गया और माल्यार्पण कर सम्मानित किया गया। जंक्शन शहर से मक्कासर गांव तक डीजे के साथ विजयी जुलूस निकाला गया। गांव पहुंचने पर ग्रामीणों ने पहलवानों का उत्साहपूर्वक अभिनंदन किया। पूर्व सरपंच बलदेव सिंह ने खिलाड़ियों की उपलब्धि पर खुशी जताते हुए कहा कि इससे पूरे गांव में खुशी की लहर है। उन्होंने उम्मीद जताई कि गांव के पहलवान ट्रायल में हिस्सा लेकर राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में भी हिस्सा लेंगे और वहां विजेता बनकर गांव एवं जिले का नाम रोशन करेंगे। उन्होंने बताया कि संकेत फौजी ने पिछले वर्ष भी स्वर्ण पदक जीता था। इस मौके पर जिला कुश्ती संघ अध्यक्ष यादविंद्र सिंह, कुश्ती कोच गुरप्रीत सिंह, भाखड़ा, प्रोजेक्ट चेयरमैन मनप्रीत सिंह, काला पहलवान, मनोहर, नरेश लिंबा, सोम प्रकाश शर्मा, बलकार शर्मा, राकेश भांभू सहित अन्य ग्रामीण मौजूद रहे।
