– सम्मान समारोह में बुजुर्गों, महिला खिलाड़ियों और समाजसेवियों का हुआ अभिनंदन, नशामुक्ति, संस्कार और महिला सशक्तिकरण पर दिया गया जोर
हनुमानगढ़। महाराजा सूरजमल संगठन, भारत की ओर से शनिवार को जंक्शन स्थित जाट भवन में सम्मान समारोह एवं तीज महोत्सव का आयोजन उत्साह और पारंपरिक उल्लास के साथ किया गया। कार्यक्रम में समाज की बेटियों, बुजुर्गों, समाजसेवी महिलाओं तथा विभिन्न प्रतियोगिताओं में पदक जीतने वाली महिला खिलाड़ियों का सम्मान कर उनके योगदान और उपलब्धियों की सराहना की गई। कार्यक्रम का उद्देश्य समाज में बेटियों को शिक्षा एवं खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित करना, बच्चों में संस्कारों का विकास करना तथा नशामुक्ति के प्रति जनजागरूकता फैलाना रहा। इस अवसर पर संगठन के पदाधिकारियों ने समाज की एकजुटता और सामाजिक सरोकारों को मजबूत करने का आह्वान किया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथियों के रूप में संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेएस चौधरी, महिला विंग की प्रदेश अध्यक्ष हेमलता फौजदार, विजया चौधरी, विमला देवी तथा जिला अध्यक्ष किरण जांडू मौजूद रहीं। तीज महोत्सव के दौरान महिलाओं और युवतियों ने पारंपरिक परिधानों में सजे-धजे होकर उत्सव में भाग लिया। तीज के लोकगीतों पर रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां और मनमोहक नृत्य प्रस्तुत किए गए, जिनकी उपस्थित लोगों ने खूब सराहना की। वक्ताओं ने कहा कि जाट समाज ने शिक्षा, खेल, सामाजिक और अन्य क्षेत्रों में उल्लेखनीय प्रगति कर नई पहचान बनाई है। समाज को आगे बढ़ाने में महिलाओं और युवाओं की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है, इसलिए उन्हें हर स्तर पर प्रोत्साहन और अवसर मिलना चाहिए। महाराजा सूरजमल संगठन, भारत की प्रदेश उपाध्यक्ष मंजू ऐचरा ने कहा कि संगठन सामाजिक सरोकारों से जुड़े विभिन्न कार्य लगातार कर रहा है। हनुमानगढ़ में गोशाला में सब्जी दान, जिला अस्पताल में पेयजल कैंपर की व्यवस्था, पौधारोपण अभियान, नशामुक्ति जनजागरूकता तथा बच्चों में नैतिक संस्कार विकसित करने जैसे अनेक सेवा कार्य नियमित रूप से किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि संगठन भविष्य में भी समाजहित और जनकल्याण के ऐसे कार्य निरंतर जारी रखेगा।
