हनुमानगढ़। एक व्यक्ति के साथ मारपीट कर 50 हजार रुपए लूटने का मामला सामने आया है। भादरा थाना पुलिस ने पीड़ित की रिपोर्ट पर दो नामजद आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार गांव खचवाना निवासी हीरालाल (44) पुत्र जगदीश नायक ने थाना में रिपोर्ट दी। रिपोर्ट में बताया कि वह मुन्दड़िया छोटा में अपनी कृषि भूमि से चने की फसल के 50 हजार रुपए लेकर 4 अप्रैल को अपने गांव लौट रहा था। आरोप है कि भादरा पहुंचने पर सरकारी अस्पताल के पास गांव खचवाना के ही कृष्ण बेनीवाल पुत्र हरी सिंह और मोहन खाती पुत्र हनुमान खाती मोटर साइकिल सहित मिले। दोनों ने उससे शराब मंगवाने का दबाव बनाया। मना करने पर भी दबाव में आकर उसने रेलवे स्टेशन के पास ठेके से शराब दिला दी। इसके बाद आरोपियों ने उसे मोटर साइकिल पर बैठाकर अनाज मंडी के पास ले जाकर शराब पी और पीड़ित को भी पिला दी। बाद में आरोपियों ने 50 हजार रुपए देने की धमकी दी। इंकार करने पर दोनों ने उसके साथ मारपीट की, जिससे उसके हाथ, पैर, सिर व आंख के नीचे चोटें आईं। मारपीट के दौरान पीड़ित बेहोश हो गया, जिसके बाद आरोपियों ने उसकी जेब से 50 हजार रुपए निकाल लिए। घटना के बाद ठेकेदार की ओर से पीड़ित के परिजनों को सूचना दी गई, जिसके बाद उसे सरकारी अस्पताल में भर्ती करवाया गया। पीड़ित के अनुसार उसे चार दिन बाद होश आया, जिसके चलते उसने देरी से रिपोर्ट दर्ज करवाई। पुलिस ने रिपोर्ट के आधार पर आरोपियों के खिलाफ बीएनएस एवं एससीएसटी एक्ट की धारा के तहत मामला दर्ज किया है। जांच भादरा वृताधिकारी संजीव कटेवा कर रहे हैं।
