हनुमानगढ़। भादरा कस्बे के बस स्टैंड पर एक युवक पर धारदार हथियार व लाठी-डंडों से जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया है। भादरा थाना पुलिस ने पीड़ित की रिपोर्ट पर नामजद सहित अन्य आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार चिड़िया गांधी निवासी मुस्तफा (30) पुत्र रमजान खां ने थाने में रिपोर्ट दी। रिपोर्ट में बताया कि वह 11 अप्रैल की शाम करीब 6 बजे काम से घर लौटने के लिए भादरा बस स्टैंड पर गांधी-सिरसा जाने वाली बस में चढ़ने जा रहा था। इसी दौरान पीछे से अचानक उस पर जानलेवा हमला कर दिया गया। आरोप है कि हमलावरों ने उसके सिर पर तेजधार हथियार से वार किया, जिससे अधिक खून बहने लगा। इसके बाद लाठी-डंडों से ताबड़तोड़ हमला किया गया, जिससे उसके शरीर पर कई जगह चोटें आईं। हमले के दौरान वह बेहोश होकर बस के पास ही गिर गया। पीड़ित के अनुसार बस में सवार अन्य लोगों ने बीच-बचाव कर हमलावरों को खदेड़ा। उसने हमले में शामिल प्रमोद खां (सिधमुख), अंकित जाट, विजय कुमार सहित 6-7 अन्य अज्ञात व्यक्तियों के शामिल होने का आरोप लगाया है। हमले में मुस्तफा के सिर पर गंभीर चोट आई, जहां टांके लगाए गए। साथ ही उसके हाथ, कंधे और पैर पर भी चोट के निशान हैं। घटना के दौरान उसका मोबाइल फोन भी तोड़ दिया गया और जेब में रखे करीब 7 हजार रुपए भी गिर गए। घायल को भादरा के सरकारी अस्पताल में भर्ती कर उपचार किया गया। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले की जांच सहायक उपनिरीक्षक राजेंद्र सिंह को सौंपी गई है।
