हनुमानगढ़। श्री दुर्गा पूजा सेवा समिति की ओर से 21वां श्री दुर्गा पूजा महोत्सव इस बार भी हर्षोल्लास और धूमधाम से मनाया जाएगा। टाउन के वार्ड नंबर 45 स्थित बरकत कॉलोनी के मिथिला हनुमान मंदिर परिसर में 10 से 20 अक्टूबर तक आयोजित होने वाले महोत्सव की तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। समिति लगातार 21वें वर्ष इस धार्मिक आयोजन का आयोजन कर रही है। महोत्सव के लिए बिहार के कारीगरों की ओर से मां दुर्गा सहित अन्य देवी-देवताओं की प्रतिमाएं तैयार की जा रही हैं। प्रतिमा निर्माण में पर्यावरण संरक्षण का विशेष ध्यान रखा जा रहा है। मूर्तियां मिट्टी से बनाई जा रही हैं तथा इनके निर्माण में पीओपी (प्लास्टर ऑफ पेरिस) का इस्तेमाल नहीं किया जा रहा है। महोत्सव के दौरान श्रद्धालुओं को मां दुर्गा के दर्शन करने के साथ विभिन्न धार्मिक कार्यक्रमों में शामिल होने का अवसर मिलेगा। समिति की ओर से 11 अक्टूबर, शनिवार को अपराह्न 3.15 बजे महावीर दल धर्मशाला से कलश यात्रा निकाली जाएगी। यात्रा में 551 कलश शामिल होंगे। कलश यात्रा शहर के मुख्य मार्गांे से होते हुए पूजा स्थल मिथिला हनुमान मंदिर, बरकत कॉलोनी पहुंचेगी। इसके बाद कलश स्थापना के साथ विधिवत पूजा-अर्चना शुरू होगी। महोत्सव के दौरान प्रतिदिन सुबह-शाम मां दुर्गा की पूजा-अर्चना की जाएगी। समिति के सचिव दिलखुश मंडल ने बताया कि महोत्सव को लेकर श्रद्धालुओं में उत्साह है। आयोजन के दौरान विभिन्न धार्मिक अनुष्ठान, आकर्षक झांकियां और भक्ति कार्यक्रम होंगे। समिति की ओर से जारी कार्यक्रम के अनुसार 12 अक्टूबर को द्वितीया एवं रेमंत पूजा, 16 अक्टूबर, शुक्रवार को बेल निमंत्रण और 17 अक्टूबर, शनिवार को महासप्तमी एवं पत्रिका प्रवेश का आयोजन होगा। 18 अक्टूबर, रविवार को महाअष्टमी व्रत, रात्रि निशा पूजा और छप्पन भोग लगाया जाएगा। 19 अक्टूबर को हवन-यज्ञ, कन्या पूजन, भंडारा तथा रात्रि में जागरण आयोजित किया जाएगा। महोत्सव का समापन 20 अक्टूबर को प्रतिमा विसर्जन के साथ होगा।
बिहार और हनुमानगढ़ के कलाकार देंगे प्रस्तुतियां
महोत्सव में आमंत्रित कलाकारों की ओर से भक्ति प्रस्तुतियां दी जाएंगी। इनमें दरभंगा, बिहार के अमरकांत मिश्रा, हनुमानगढ़ की पिंकी राठौड़ और समस्तीपुर के विकास रंगीला शामिल हैं। आयोजन के दौरान सुंदर-सुंदर धार्मिक झांकियां भी सजाई जाएंगी। महोत्सव की व्यवस्थाओं में समिति अध्यक्ष बलदेव दास, संरक्षक प्रमोद यादव एवं अशोक गौतम, उपाध्यक्ष धर्मेंद्र दास, सहसचिव सुरेश दास और सहकोषाध्यक्ष कमलेश यादव सहित अन्य सदस्य जुटे हुए हैं। समिति की ओर से श्रद्धालुओं से कलश यात्रा और महोत्सव के विभिन्न धार्मिक कार्यक्रमों में शामिल होकर मां दुर्गा का आशीर्वाद प्राप्त करने का आह्वान किया गया है।
