ऐलनाबाद। वर्ष 2022 में गांव धिंगतानिया के नजदीक स्थित मिल्क प्लांट के पास एक घर में हुई डकैती की वारदात में संलिप्त एक अन्य आरोपी को सीआईए सिरसा पुलिस ने गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपी को काबू कर अदालत में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। इस संबंध में जानकारी देते हुए सीआईए सिरसा के प्रभारी ने बताया कि मामले की गहन जांच के दौरान आरोपी की पहचान कर उसे गिरफ्तार किया गया है। पकड़े गए आरोपी की पहचान प्रीतम सिंह पुत्र जिले सिंह निवासी गांव खोरड़ा, जिला झज्जर के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार गांव धिंगतानिया निवासी रोहित कुमार पुत्र रविंद्र ने शिकायत दर्ज करवाई थी कि वह गांव के नजदीक स्थित मिल्क प्लांट में कार्यरत है। घटना वाली रात वह अपने एक साथी के साथ घर पर सो रहा था। देर रात करीब एक बजे 6-7 अज्ञात युवक जबरन घर में घुस आए और पिस्तौल के बल पर दोनों को बंधक बना लिया। आरोपियों ने मारपीट करते हुए घर में रखी अलमारी का ताला तोड़ दिया और उसमें रखे दो मोबाइल फोन, करीब 8 हजार रुपये नकद तथा एक डीवीआर लूटकर फरार हो गए। पीड़ित की शिकायत के आधार पर 13 फरवरी 2022 को अज्ञात आरोपियों के खिलाफ डकैती सहित विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया था और मामले की जांच सीआईए सिरसा को सौंपी गई थी। जांच के दौरान पुलिस टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए आरोपी प्रीतम सिंह को गिरफ्तार कर लिया। सीआईए प्रभारी ने बताया कि इस मामले में इससे पहले 8 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। उनकी निशानदेही पर लूटा गया सामान और नकदी भी बरामद कर ली गई थी तथा उन्हें पहले ही जेल भेजा जा चुका है। पुलिस ने बताया कि मामले की जांच अभी जारी है और वारदात में शामिल अन्य व्यक्तियों के बारे में भी जानकारी जुटाई जा रही है। जो भी व्यक्ति इस घटना में संलिप्त पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
संवाददाता- रमेश भार्गव
