कुक-कम-हेल्पर व महिला कर्मचारियों को मजबूर करने पर शिक्षक संघ ने जताई आपत्ति
हनुमानगढ़। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री के प्रस्तावित हनुमानगढ़ दौरे को लेकर महिला कर्मचारियों को कार्यक्रम में शामिल होने के लिए बाध्य किए जाने का मामला सामने आया है। इस पर राजस्थान शिक्षक संघ शेखावत ने कड़ा विरोध जताते हुए जिला प्रशासन की कार्रवाई की निंदा की है और कार्यक्रम में भागीदारी को स्वैच्छिक करने की मांग उठाई है। संघ के जिला मंत्री राम निवास ने जारी प्रेस विज्ञप्ति में कहा कि मुख्यमंत्री का हनुमानगढ़ आगमन स्वागतयोग्य है, लेकिन किसी भी महिला कर्मचारी को कार्यक्रम में अनिवार्य रूप से उपस्थित होने के लिए बाध्य करना उचित नहीं है। उन्होंने कहा कि प्रशासन द्वारा कुक कम हैल्पर सहित अन्य महिला कर्मचारियों को हनुमानगढ़ जंक्शन स्थित धान मंडी में आयोजित कार्यक्रम में पहुंचने के निर्देश दिए जा रहे हैं, जो कर्मचारियों के अधिकारों के खिलाफ है। राम निवास ने बताया कि प्रदेश में 7 से 12 मार्च के बीच विवाह समारोहों का सीजन चल रहा है, जिसके कारण कई कर्मचारियों के पारिवारिक दायित्व बढ़े हुए हैं। इसके अलावा एसआईआर और विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं के आयोजन के चलते कर्मचारियों के साप्ताहिक अवकाशों में भी काफी कटौती हुई है। वहीं वार्षिक परीक्षाओं के चलते महिला कर्मचारियों पर अपने बच्चों की देखभाल की अतिरिक्त जिम्मेदारी भी है। उन्होंने कहा कि ऐसी परिस्थितियों में अल्प वेतन पाने वाली कुक कम हैल्पर और अन्य महिला कर्मचारियों को कार्यक्रम में शामिल होने के लिए बाध्य करना सरासर अन्याय है। संघ ने जिला प्रशासन से मांग की है कि कार्यक्रम में भागीदारी को पूरी तरह स्वैच्छिक रखा जाए और किसी भी कर्मचारी पर दबाव न बनाया जाए। संघ ने चेतावनी दी कि यदि कार्यक्रम में अनुपस्थित रहने के नाम पर महिला कर्मचारियों को प्रताड़ित किया गया तो जिला मुख्यालय पर विरोध प्रदर्शन किया जाएगा।
