संगरिया/हनुमानगढ़। संगरिया क्षेत्र के गांव शाहपीनी स्थित राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय परिसर गुरुवार को उत्सव स्थल में तब्दील हो गया, जब यहां आयोजित मेधावी छात्र सम्मान समारोह में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं को सम्मानित किया गया।

चेहरे पर मुस्कान, आंखों में आत्मविश्वास और तालियों की गूंज के बीच छात्राओं को मंच पर सम्मानित किया गया, जिससे पूरा वातावरण गर्व और उत्साह से भर उठा। समारोह का उद्देश्य बोर्ड व वार्षिक परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं को प्रोत्साहित करना था। विद्यालय प्रांगण में सादगीपूर्ण लेकिन गरिमामय माहौल में आयोजित इस कार्यक्रम ने यह संदेश दिया कि यहां सम्मान केवल अंकों का ही नहीं, बल्कि मेहनत, अनुशासन और संघर्ष का भी है।

कार्यक्रम की शुरुआत मुख्य अतिथि पूर्व विधायक गुरदीप सिंह शाहपीनी और मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी सीमा भल्ला द्वारा दीप प्रज्वलन व सरस्वती वंदना के साथ की गई। इसके बाद कक्षा 10वीं और 12वीं की उन छात्राओं को विशेष रूप से सम्मानित किया गया, जिन्होंने 90 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त कर विद्यालय व जिले की मेरिट सूची में स्थान बनाया। टॉपर छात्राओं को पारंपरिक साफा पहनाकर हाथ घड़ी और मेरिट प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया गया। मंच पर पहुंचते ही छात्राओं के चेहरे पर संतोष और आत्मविश्वास साफ झलक रहा था, मानो वर्षों की मेहनत आज सम्मान के रूप में सामने आ गई हो।

मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी सीमा भल्ला ने कहा कि बेटियों की यह सफलता समाज में आ रहे सकारात्मक बदलाव का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि शिक्षा ही वह सशक्त माध्यम है, जिसके सहारे आज की छात्राएं भविष्य में नेतृत्व की भूमिका निभाएंगी। वहीं पूर्व विधायक गुरदीप सिंह शाहपीनी ने छात्राओं की उपलब्धि को गांव और क्षेत्र के लिए गौरव की बात बताते हुए अभिभावकों से बेटियों की शिक्षा को प्राथमिकता देने की अपील की। उन्होंने विद्यालय में नए विषय शुरू कराने और दूरदराज से आने वाली छात्राओं की समस्याओं के समाधान के लिए हरसंभव सहयोग का आश्वासन भी दिया। विद्यालय की प्राचार्य सुमन बिश्नोई ने सभी अतिथियों, अभिभावकों और शिक्षकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि छात्राओं की यह सफलता अनुशासित अध्ययन, निरंतर प्रयास और शिक्षकों के समर्पित मार्गदर्शन का परिणाम है।

उन्होंने छात्राओं को भविष्य में भी इसी लगन के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। प्राचार्य के अनुसार सम्मानित छात्राओं में ऋतु, प्रिया, रचना, हिमानी, प्रमिला, अरमनदीप कौर, नेहा पूनिया, पलक, हरजोत कौर, आरजू, गरिमा, प्रभजोत कौर, रतनजोत कौर, नेहा वर्मा, दिव्या, अमनदीप कौर, गुरमत कौर, पूजा, संदीप कौर, नंदनी, मंजू कुमारी, प्रिया, मंजू, खुशी, यक्षी, निर्मला और प्राची शामिल रहीं। कार्यक्रम में भामाशाह हरदेव सिंह ग्रेवाल, सरपंच सुखदीप भरणा, डीसी, बलराम गोयल, विनोद पुनिया सहित विद्यालय का समस्त स्टाफ उपस्थित रहा। सभी ने छात्राओं को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। समारोह के बाद छात्राओं और विद्यालय स्टाफ ने पूरे गांव में विजय जुलूस निकाला। ढोल-नगाड़ों और जयघोष के बीच निकले इस जुलूस ने यह संदेश दिया कि शाहपीनी की बेटियां अब केवल परीक्षाओं में ही नहीं, बल्कि समाज में भी नई पहचान बना रही हैं।

