– नोहर में यातायात नियमों की उल्लंघना पर लगातार कार्रवाई, विश्व रक्तदाता दिवस पर एमवीआई रायसिंह को रक्त से तौलेंगे अमरसिंह नायक
हनुमानगढ़। राज्य सरकार के निर्देशानुसार मॉडिफाइड वाहनों, शीशों पर काली फिल्म लगे वाहनों, प्रेशर हॉर्न का उपयोग करने वाले वाहनों तथा अनाधिकृत शब्द लिखे वाहनों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। नोहर में इस अभियान के तहत लगातार कार्रवाई की जा रही है और आगे भी यह अभियान जारी रहेगा। मोटर व्हीकल इंस्पेक्टर (एमवीआई) रायसिंह ने बताया कि सड़क सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए ऐसे वाहनों की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है। गुरुवार को विशेष अभियान के दौरान प्रेशर हॉर्न लगे वाहनों और अनाधिकृत शब्द लिखे वाहनों पर कार्रवाई की गई। इसके अलावा कई वाहनों से ब्लैक फिल्म भी हटवाई गई। उन्होंने बताया कि नोहर क्षेत्र में बिना सीट बेल्ट, बिना हेलमेट और शराब पीकर वाहन चलाने वालों सहित यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ भी लगातार कार्रवाई जारी है। वाहन चालकों को नियमों की पालना के प्रति जागरूक किया जा रहा है। रायसिंह ने आमजन से अपील करते हुए कहा कि राज्य सरकार द्वारा चलाए जा रहे अभियान में विभाग का सहयोग करें तथा अपने वाहनों को किसी भी प्रकार से मॉडिफाई न करें। उन्होंने कहा कि वाहन में कंपनी द्वारा निर्धारित संरचना और उपकरणों से छेड़छाड़ करना सड़क सुरक्षा की दृष्टि से खतरनाक हो सकता है। उन्होंने वाहन चालकों को हाई डेफिनेशन (एचडी) लाइट लगाने से भी बचने की सलाह दी। उनका कहना था कि ऐसी तेज रोशनी वाली लाइटें रात के समय सामने से आने वाले वाहन चालकों की दृष्टि प्रभावित करती हैं और दुर्घटना का कारण बन सकती हैं। विभाग द्वारा इस प्रकार की कई लाइटें वाहनों से हटवाई जा चुकी हैं। एमवीआई रायसिंह ने चेतावनी दी कि यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ चालान और वाहन जब्ती जैसी कार्रवाई की जाएगी। इस बीच उन्होंने बताया कि ब्लड मैन ऑफ इंडिया के नाम से प्रसिद्ध अमरसिंह नायक द्वारा 14 जून को विश्व रक्तदाता दिवस के अवसर पर रक्तदान शिविर का आयोजन किया जा रहा है। इस अवसर पर उनके सम्मान में विशेष कार्यक्रम भी आयोजित होगा। रायसिंह ने अमरसिंह नायक का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे सड़क सुरक्षा और जनजागरूकता के क्षेत्र में सराहनीय कार्य कर रहे हैं। इसी सम्मान के तहत 14 जून को उन्हें रक्त से तौलने का कार्यक्रम रखा गया है।
